
सलीम डोला था पूरे ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य सप्लायर
मुंबई : (Mumbai) नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) (Narcotics Control Bureau) ने 2023 के डोंगरी ड्रग्स (Dongri drugs) बरामदगी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य सप्लायर सलीम इस्माइल डोला (Salim Ismail Dola) को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे डोला को गुरुवार को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट (Mumbai’s Esplanade Court) में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 8 मई 2026 तक एनसीबी हिरासत में भेज दिया। जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी फैसल जावेद शेख (Faisal Javed Shaikh) हर महीने डोला से बड़े पैमाने पर मेफेड्रोन (एमडी) खरीदता था। एक किलो ड्रग्स की कीमत करीब 17 लाख रुपये होती थी, जिसे 18 लाख रुपये में बेचा जाता था। पूछताछ में सामने आया कि फैसल शेख हर महीने करीब 40 किलो एमडी की तस्करी कर रहा था, जिससे उसे भारी अवैध मुनाफा हो रहा था।
विदेशों से मंगाई जाती थी ड्रग्स की खेप
एनसीबी के अनुसार, सलीम डोला इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था, जो विदेशों से ड्रग्स मंगवाकर मुंबई समेत अन्य शहरों में सप्लाई करता था। एजेंसी ने कोर्ट में दलील दी कि नेटवर्क की पूरी कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।
20 किलो मेफेड्रोन की हुई थी बरामदगी
यह मामला जून 2023 में सामने आया था, जब डोंगरी इलाके में एनसीबी ने दो अलग-अलग छापों में कुल 20 किलो मेफेड्रोन (20 kilograms of Mephedrone) जब्त किया था। पहले छापे में 5 किलो और दूसरे में 15 किलो ड्रग्स बरामद हुई। इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सलीम डोला के अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने की आशंका है। उसके संबंध दाऊद इब्राहिम से होने की भी जांच की जा रही है।


