मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक प्रवीण दरेकर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, तो भाजपा कार्यकर्ता इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।
प्रवीण दरेकर ने सोमवार को मुंबई में पत्रकारों से कहा कि हिंगोली की सभा में उद्धव ठाकरे ने अत्यंत अभद्र भाषा में उपमुख्यमंत्री फडणवीस की आलोचना की है। उपमुख्यमंत्री फडणवीस राज्य में निवेश आमंत्रित करने के लिए जापान दौरे पर गये थे, जबकि उद्धव आराम करने के लिए विदेश गये थे। सत्ता हाथ से जाने से तिलमिलाए भ्रमित हुए उद्धव ठाकरे बेबुनियाद आरोप कर रहे हैं।
प्रवीण दरेकर ने कहा कि उद्धव ठाकरे को राज्य और देश के विकास से कुछ भी लेना-देना नहीं है। मुख्यमंत्री रहते हुए वे सिर्फ अपने घर के विकास में व्यस्त थे। शिवसेना के लिए अपना घर जलाकर राख करने वाले शिवसैनिकों को उद्धव ठाकरे ने क्या दिया, यह सवाल उन्हें खुद से पूछना चाहिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता सुनील कर्जतकर, मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये, मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन और प्रवक्ता ओमप्रकाश चौहान भी उपस्थित थे


