11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 26 अगस्त तक मेहरबान रहेगा मानसून
पटना:(Patna) बिहार में मंगलवार से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी पटना समेत समस्तीपुर, रोहतास, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, सुपौल,आरा, नालंदा, मुंगेर, बेतिया, कटिहार, पटना, बक्सर, शेखपुरा, औरंगाबाद समेत 15 जिलों में बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और मुजफ्फरपुर शामिल हैं। दो जिले किशनगंज और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा चार जिलों में आज से कल तक बूंदाबांदी के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। बिहार में 26 अगस्त तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को पटना, वैशाली सहित 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अगस्त महीने के पहले हफ्ते को छोड़ दें तो इस बार मानसून की सक्रियता बेहद कमजोर रही। एक बार फिर से बारिश की कमी का ग्राफ ऊपर की ओर बढ़ने लगा है। प्रदेश में अब बारिश की कमी का ग्राफ 32 प्रतिशत पर पहुंच गया है। 21 अगस्त तक सूबे में 690.9 मिमी बारिश होनी थी, लेकिन 470.7 मिमी बारिश हुई है।
प्रदेश में 22 से 26 अगस्त तक मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, मध्यप्रदेश, रायपुर, गोपालपुर होते हुए पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर बना हुआ है। इसका प्रभाव प्रदेश के उत्तरी भागों में देखने को मिलेगा। इसके कारण उत्तरी भागों में भारी बारिश की संभावना है।


