spot_img

Bikaner : फायरिंग रेंज के पास घूमती मिली महिला, बोली -शिलांग से आई हूं, एयर होस्टेस थी, यूं ही घूम रही

बीकानेर : दुनियाभर की सेनाओं के युद्धाभ्यास की जगह एवं सामरिक दृष्टि से संवेदनशील महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के पास दो दिन से गांव में घूमती महिला को संदिग्ध मान पुलिस ने पूछताछ की है। गांववालों की सूचना पर हुई इस पूछताछ के बाद महिला को नारी निकेतन भेजा गया है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आई महिला की कहानी काफी दिलचस्प है। पूछताछ से सामने आई कहानी के मुताबिक, महिला का नाम सुप्रिया पुत्री प्रेमनाथ ब्राह्मण है। यह मेघालय के पूर्व खासी शिलांग की निवासी है। जैसलमेर घूमने आई थी। वहां से बीकानेर आ गई। बीकानेर से जम्मू-तवी ट्रेन से जम्मू जा रही थी कि बीच में यहां उतर गई और अब दो दिन से यहीं घूम रही है।

सुप्रिया ने महाजन थाने के हैड कांस्टेबल सुरजाराम साहू को बातचीत में बताया कि उसके माता-पिता का कुछ साल पहले निधन हो गया। वह पहले दिल्ली में एयर होस्टेस की जॉब करती थी। परिवार में एक भाई है। पुलिस ने सुप्रिया के बताए नंबर के मुताबिक भाई से फोन पर बात की।

पुलिस ने सुप्रिया को लूणरकणसर के उपखंड अधिकारी के सामने पेश किया। वहां से नारी निकेतन भेजा गया है। बातचीत में वह मानसिक रूप से अपरिपक्व नहीं लगती।

Explore our articles