भोपाल:(Bhopal) केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की मॉडल कॅरियर सेंटर योजना में नेशनल करियर सर्विस एवं मध्य प्रदेश के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा संभागीय आईटीआई गोविन्दपुरा भोपाल में आयोजित तीन दिवसीय मेगा जॉब फेयर के साथ आज (सोमवार को) यहां श्रमिक चौपाल का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चयनित आवेदकों को ऑफर लेटर एवं योजनाओं के स्वीकृति-पत्र का वितरण करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि आईटीआई सभागार गोविन्दपुरा में सुबह 11:30 बजे होने वाले कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश की तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और श्रम एवं खनिज संसाधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने बताया कि संभागीय आईटीआई गोविन्दपुरा भोपाल में गत 27 मई से शुरू हुए तीन दिवसीय मेगा जॉब फेयर में लगभग 65 कंपनियों ने भागीदारी की। इस दौरान 3 हजार 315 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया गया और 586 युवाओं का अंतिम चयन किया गया है। मुख्यमंत्री चौहान आज पूर्वान्ह 11.30 बजे चयनित आवेदकों को ऑफर लेटर प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि मेगा जॉब फेयर के साथ आज श्रमिक चौपाल का भी आयोजन हो रहा है। इसमें श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न योजना तथा ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन, म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मचारी मंडल तथा म.प्र. असंगठित बाहरी/ग्रामीण कर्मकार मंडल में पंजीयन किया जायेगा। केन्द्रीय श्रम मंत्रालय के संगठन ईपीएफओ, ईएसआईसी और केन्द्रीय मुख्य श्रमायुक्त द्वारा श्रमिकों का पंजीयन और हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा।


