spot_img

Bhopal: भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर स्ट्रीट वेंडर्स पंचायत आज

भोपाल: मुख्यमंत्री निवास में आज (Monday) अपराह्न तीन बजे नगरीय क्षेत्र के हाथ ठेला, फेरी वाले और रेहड़ी वालों की पंचायत होगी। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्ट्रीट वेंडर्स से रू-ब-रू संवाद करेंगे। साथ ही लघु व्यवसायों से जुड़े स्ट्रीट वेंडर्स की पंचायत में हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि इस पंचायत में हितग्राहियों द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए जाएंगे। कार्यक्रम में योजना पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी होगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी नगरीय निकायों में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान के निर्देशन में स्ट्रीट वेंडर्स के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। इनका लाभ पात्र लोगों को सही ढंग से मिले, इसके लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग और स्थानीय प्रशासन हाथ ठेले और फेरी लगा कर छोटा-मोटा कारोबार करने वाले लोगों को लाभान्वित करने का कार्य कर रहे हैं। नगरीय क्षेत्र में व्यवसाय के लिए पर्याप्त स्थान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी रोजी-रोटी चलती रहे।

Explore our articles