जालौन : नाबालिग पुत्री को युवक द्वारा बहला फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत पीड़ित पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर की है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री घर में ही रहती है। उसके पड़ोस में जिला औरैया के अछल्दा निवासी गुड्डुआ का आना जाना था। इसी दौरान उसने उनकी बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। पता चलने पर उन्होंने पुत्री को समझाया जिसके बाद वह मान गई। बीती 9 मई को सुबह करीब 11 बजे पुत्री नित्यक्रिया के लिए गई थी। तभी वहां पहले से ही मौजूद गुड्डुआ ने उनकी पुत्री को बहला फुसला लिया और बाइक से उसे अपने साथ भगा ले गया। जब उन्हें इसका पता चला तो उनकी तलाश की, लेकिन सभी जगहों पर तलाश करने के बाद भी दोनों का कहीं पता नहीं चला। पीड़ित पिता ने पुलिस से उनकी पुत्री की बरामदगी की गुहार लगाई है। वहीं पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की।


