जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षा के मेधावी बच्चों को लैपटाप, चेक एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर बढ़ाया उत्साह
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने शुक्रवार को कार्यालय सभागार में बोर्ड परीक्षा 2022 के मेधावियों को सम्मानित किया। माध्यमिक शिक्षा परिषद वर्ष 2022 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी बच्चों को लैपटाप, 21 हजार रुपये का चेक एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत की और आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने बच्चों से पूछा कि आप क्या बनना चाहते हैं। बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा, मेहनत से मिली सफलता अनुपम होती है। ईमानदारी से की गई मेहनत से परिणाम अच्छा आता है। उन्होंने बच्चों को आगामी परीक्षा की शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह समेत तमाम अधिकारी, कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने हाईस्कूल के ओम मिश्र, शाइस्ता, अभ्युदय मिश्र, मानसी शुक्ला, यशवर्धन केसरवानी, सिद्धार्थ शुक्ला एवं शाश्वत मिश्र और इंटरमीडिएट की दीपिका कुशवाहा, श्वेता सिंह, अल्का सिंह, खुशी भारतीया, ज्योति विश्वकर्मा, तान्या पांडेय, सौम्या पांडेय, निधि सेठ सहित अन्य छात्रों को सम्मानित किया।


