
जीवनदीप हास्पिटल में चल रहा था चार वर्षीय परी का इलाज
दुर्गा पूजा पंडाल में अब तक कुल 19 लोगों की हो चुकी है मौत
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : दो नवंबर को औराई के दुर्गा पूजा पंडाल में हुआ भीषण अग्निकांड रह-रहकर लोगों को जख्म दे रहा है। उक्त घटना के 40वें दिन एक मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार वर्षीय परी का इलाज जनपद के ही जीवनदीप हास्पिटल में चल रहा था। अग्निकांड में झुलसी मासूम के निधन पर जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसपी डा. अनिल कुमार ने शोक व्यक्त किया है।
जिला सूचना अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि औराई दुर्गा पूजा पंडाल अग्निकांड में मेडिकल टीम (प्रशासन), ने जानकारी दी है कि जीवनदीप हास्पिटल में इलाजरत परी (4) पुत्री चंदन (निवासी राजापुर, औराई) का इलाजके दौरान निधन हो गया। परी महज 25 फीसद झुलसी थी। उसे बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन अंततः उसे बचाया नहीं जा सका।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक अंकुश सोनी (12), जया देवी (45),
नवीन (10), आरती देवी (48), हर्षवर्धन/सुजल (8), शिवपूजन (70),
राममूरत (65), सीमा (25) पत्नी अवधेश, मंजू देवी (40) पत्नी सुरेश विश्वकर्मा, अशोक यादव (35) पुत्र लालजी यादव, प्रियल (16) पुत्री अवधेश, प्रीति (17) पुत्री नंदलाल, शिवांगी गौतम (18) पुत्री उमेश कुमार, नित्या (एक वर्ष) पुत्री संजय, किरन सिंह (40) पत्नी संजय सिंह, सीमा बिंद (25) पुत्री शंकर बिंद, इंद्रावती देवी (70) और गीता देवी (40) की पहले ही मौत हो चुकी है।


