
अंतिम दिन एसडीएम बारा, तहसीलदार और बीडीओ ने संभाला मोर्चा
वोटर लिस्ट में अब तक जोड़े गए 1600 से अधिक मतदाताओं के नाम
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में नवंबर के प्रथम सप्ताह में निकाय चुनाव की मतदाता सूची में नाम जोड़वाने और संशोधन का अभियान चलाया गया।यमुनापार के बारा तहसील अंतर्गत नगर पंचायत शंकरगड़ में इस दौरान लगभग 1600 नये नाम जोड़े गए, जबकि कई मतदाताओं ने संशोधन करवाए। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का सोमवार को अंतिम दिन होने के नाते कार्यालयों में खासी गहमागहमी देखने को मिली।
भीड़ होने की संभावना के मद्देनजर उपजिलाधिकारी बारा सुयान अब्दुल्ला, तहसीलदार बारा गणेश सिंह और बीडीओ रामविलास राय ने सुबह दस बजे ही यहां पहुंचकर व्यवस्था की कमान संभाल ली थी। समाचार प्रेषण तक कार्यालय में मतदाताओं की कतार लगी हुई थी। नाम जोड़वाने, संशोधन और विलोपन के फार्म भरवाए जा रहे थे। एक अनुमान के मुताबिक इस दौरान नगर पंचायत के सभी 12 वार्डं में 1600 से अधिक नाम जोड़े गए। हालांकि अभी अंतिम रूप से सूची का प्रकाशन बाकी है।
इस दौरान मतदाताओं को खासी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा। इस दौरान जिन परिवारों में नई बहुएं आई हैं, उनका नाम नहीं जोड़ा जा रहा था। इसके जवाब में नगर पंचायत कार्यालय की तरफ से मतदाताओं का कहा गया कि यदि बहुओं का नाम जोड़वाना है तो वह अपने-अपने पति के आधारकार्ड के साथ आवेदन करें, क्योंकि ज्यादातर बहुओं के आधार कार्ड या फिर अन्य पहचान पत्र पर मायके का ही पता दर्ज है। इसके अलावा बहुत से मतदाताओं की यह शिकायत रही कि बार-बार संशोधन के बावजूद उनके नाम और पते में सुधार नहीं हो रहा है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़वाने और हटवाने का सोमवार को आखिरी दिन था। अब तक मिले आवेदन पत्रों को शामिल करते हुए अब मतदाता सूची को फाइनल कर दिया जाएगा।
जनवरी 2022 के बाद के युवाओं को नहीं मिला मौका
सप्ताहभर चले अभियान के दौरान ऐसे युवाओं को मतदाता बनने का मौका नहीं दिया गया, जिन्होंने जनवरी 2022 के बाद 18 वर्ष की आयु पूरी की है। यश केसरवानी, आयुष गुप्ता समेत तमाम युवा भी मतदाता बनने की चाहत में नगर पंचायत कार्यालय आए थे, लेकिन इन सभी की 18 वर्ष की आयु जनवरी के बाद पूरी हो रही थी, लिहाजा बीएलओ ने ऐसे लोगों का आवेदन स्वीकार नहीं किया। ईओ सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से आदेशित है कि जनवरी 2022 तक 18 वर्ष की आयु पुरी करने वाले युवाओं को ही मतदाता बनने का मौका मिलेगा। इसके बाद किसी भी माह में 18 वर्ष को पूरे होने वाले मतदाताओं को अगली बार का इंतजार करने पड़ेगा। फिलहाल निर्वाचन आयोग के इस निर्देश से बड़ी संख्या में युवाओं को निराशा हाथ लगी है।
नगर पंचायत शंकरगढ़ में चार मतदान केंद्र
नगर पंचायत शंकरगढ़ में निकाय चुनाव के लिए प्राथमिक विद्यालय शंकरगढ़, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजा कमलाकर इंटर कॉलेज और पत्ती देवी बालिका इंटर कॉलेज को मतदान केंद्र बनाया गया है। इस बार नगर पंचायत के चुनाव में बीएलओ की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों को दी गई है, जो नगर पंचायत के 12 वार्डों के छूटे हुए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृतक का नाम काटने और गलत नाम को सही करने का कार्य कर रहे हैं। बीएलओ दीपेश सिंह, राजेंद्र मौर्य, शशिकांत सिंह, गौरी शंकर, आशीष कुमार, रवि सोनकर, आशुतोष जौहरी और विजय मौर्य ने बताया कि आज घर-घर जाकर छूटे हुए नामों को जोड़ा गया और मृतकों का नाम काटा गया। नगर पंचायत के सभासद सुजीत केसरवानी, अनूप केसरवानी, सुधा गुप्ता, रोहित केसरवानी, सचिन वैश्य ने बताया कि नगर पंचायत के कुछ वार्डो में फर्जी मतदाताओं की संख्या बहुत ज्यादा है, जिसकी शिकायत एसडीएम से की गई।


