शिमला : हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पकड़ता जा रहा है। सूबे की हॉट सीट मंडी पर सबकी नजरें टिकी हैं। इस सीट पर कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह का मुकाबला बॉलीबुड अदाकारा व भाजपा की कंगना रनौत से है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने वीरवार को मंडी जिला के करसोग में विक्रमादित्य सिंह के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान सुक्खू ने कंगना रनौत पर जमकर निशाना साधा।
सुक्खू ने कहा कि जिस फ़िल्म का डायरेक्टर ही फ्लॉप हीरोइन कितनी भी सुपरस्टार हो, उस फिल्म का फ्लॉप होना तय है। क्योंकि, कंगना रनौत की स्क्रिप्ट भाजपा की है और डायरेक्शन जयराम ठाकुर का पर स्टोरी पिटी हुई है। कंगना मेहनत कर सुपर स्टार बनी हैं, अच्छी बात है लेकिन आपदा में उन्होंने हिमाचल प्रदेश का कोई सहयोग नहीं किया। आमिर खान ने 25 लाख रुपये चुपचाप दिए और कंगना प्रदेश सरकार का अकॉउंट ही ढूंढती रहीं।
सुखविंदर सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर ने विक्रमादित्य सिंह से अपना पिंड छुड़ाने के लिए कंगना को टिकट दिलाई है। उन्हें पता था कि विक्रमादित्य सिंह चुनाव लड़ रहे हैं और वह जीत भी जाएंगे इसलिए किसी और को लड़ा दो। विक्रमादित्य सिंह अच्छे व्यक्ति हैं, जनता का दर्द व पीड़ा जानते हैं, आपके बीच रहते हैं। आपका के समय पीडब्ल्यूडी मंत्री के नाते इन्होंने अभूतपूर्व कार्य किया है। जयराम ठाकुर तो मुख्यमंत्री बनकर पांच साल सोए ही रहे। जब वोट के जरिये जनता ने उन्हें नकार दिया तो नोटों के दम पर सत्ता हथियाने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दूसरे बजट सत्र के दौरान कांग्रेस के छह विधायकों को खरीद लिया। हेलीकॉप्टर में एक महीने तक चंडीगढ़, पंचकूला, गुरुग्राम और दिल्ली घुमाते रहे। जयराम ठाकुर को कुर्सी की इतनी भूख सता रही थी कि मुख्यमंत्री बनने के लिए काला कोट पहनकर बैठ गए थे और यह सोच लिया था कि सरकार का बजट पास होने से पहले ही सुबह सात बजे शपथ भी ले लेंगे, लेकिन जिस भगवान को चुनौती देते हुए वह कह रहे थे कि यह सरकार नहीं बचती उसी भगवान के आशीर्वाद से हमारी सरकार बची हुई है। कांग्रेस सरकार पूरे पांच साल जनहित में काम करेगी। जिन विधायकों को भाजपा ने खरीदा है, उन्होंने भी काले कोट सिला लिए थे, लेकिन वह नहीं जानते थे कि विधानसभा अध्यक्ष लॉ ग्रेजुएट हैं और कानूनी बारीकियों को अच्छी तरह जानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोट के दम पर सरकार हथियाने की कोशिश करने वालों को 1 जून को करसोग की जनता अपने वोट से सबक सिखाये। भाजपा ने कांग्रेस की एक राज्यसभा सीट चुराई है, प्रदेश की जनता 4 लोकसभा और 6 विधानसभा सीटें कांग्रेस को जिताकर उन्हें जवाब देगी। यह लड़ाई मेरी, विक्रमादित्य सिंह या विधानसभा अध्यक्ष की नहीं, आम जनता की है। नोट के दम पर अगर आपका वोट खरीदने की चेष्टा की जाएगी तो न लोकतंत्र बचेगा न लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ने वाले, इसलिए जिस कांग्रेस ने जनता को वोट की सबसे बड़ी ताकत है, उससे विक्रमादित्य सिंह को जिताएं।