spot_img

Shimla: जेपी नड्डा ने हिमाचल के लिए मोदी-शाह से मंजूर करवाए 200 करोड़ : राजीव बिंदल

शिमला:(Shimla) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र मंत्री अमित शाह से वार्ता करके हिमाचल प्रदेश को आपदा से निपटने में 200 करोड़ रुपए की राशि जारी करवाई है। आपदा की इस घड़ी में यह राशि हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है।

राजीव बिंदल ने सोमवार को एक बयान में कहा कि जगत प्रकाश नड्डा ने बीते कल हिमाचल के बाढ़ और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अपनी आंखो से उस भयानक दृश्य को देखा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शिमला पहुंचने पर भरोसा दिया कि हिमाचल प्रदेश में राहत कार्यों के लिए किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे।

उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ बैठक कर उनको पूर्ण आश्वासन दिया कि जिस प्रकार की भी मांग वह केंद्र के समक्ष रखेंगे और प्रदेश की आवश्यकता के अनुसार हम हर प्रकार की सहायता करेंगे।

राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर का हिमाचल प्रदेश को 200 करोड़ रुपए की राशि प्रदान करने के लिए धन्यवाद किया है।

बता दें कि हिमाचल में मानसून सीजन के दौरान बारिश, भूस्खलन व बादल फटने की घटनाओं में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक़ बरसात के मौसम में विभिन्न हादसों में राज्य भर में 300 से अधिक लोगों की जान गई है। राज्य सरकार ने बारिश से हुई तबाही में 10 हज़ार करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया है। राज्य सरकार ने हिमाचल को राज्य आपदा क्षेत्र घोषित किया है।

Explore our articles