spot_img

Shillong: मेघालय के सोनापुर में फिर से भारी भूस्खलन, गुवाहाटी-सिलचर राजमार्ग बंद

सोनापुर टनल के पास हुआ भूस्खलन, दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे

शिलांग:(Shillong) गुवाहाटी को असम के सिलचर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेघालय के सोनापुर में शनिवार को फिर से भारी भूस्खलन हुआ है। सुबह सोनापुर स्थित सुरंग के मुंहाने पर भारी भूस्खलन हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। प्रशासन ने आपातकालीन कार्य के लिए मेघालय जाने वाले लोगों से अपने साथ खाद्य पदार्थों का स्टॉक रखने की अपील की है।

भूस्खलन आज सुबह फिर से हुआ, जिसमें कई मीटर पहाड़ का एक हिस्सा खिसक कर टनल के सामने आ गया है। पहाड़ी मलबा लगातार हो रही बरसात के चलते खिसक कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गया है, जिसके चलते सड़क पूरी तरह से बंद हो गयी है। प्रशासन सड़क को साफ करने के लिए बचाव कार्य में जुटा हुआ है। सड़क पर आए भारी मात्रा में मलबा को देखकर यह अनुमान लगाया गया है कि सड़क को खाली होने में कई घंटे लगेंगे। भूस्खलन के कारण टनल के आसपास दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में वाहन बीच रास्ते में फंस गये हैं। इसके चलते यात्रियों के बीच एक तरह से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है।

मेघालय पुलिस ने भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर लोगों से अगले 24 घंटों तक मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स क्षेत्र की यात्रा नहीं करने का आह्वान किया है। मेघालय प्रशासन ने आपातकालीन कार्य के लिए पूर्वी जयंतिया क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों से अनुरोध किया है कि वे अपने साथ खाने की वस्तुएं जरूर लेकर चलें। साथ ही पुलिस ने किसी भी आपातकाल की स्थिति में 112 पर कॉल करने का आह्वान किया है।

गौरतलब है कि मेघालय के सोनापुर में टनल (सुरंग) के सामने पिछले चार दिनों के दौरान तीन बार भारी भूस्खलन हुआ है। पहली बार के मलबा को हटाने में लगभग 9 घंटे का समय लगा था। शुक्रवार की सुबह भी इसी इलाके में भूस्खलन हुआ था, जिसको हटाने का कार्य देर शाम तक चला। एक बार फिर से भूस्खलन के कारण असम के सिलचर के साथ ही मिजोरम और मणिपुर में अत्यावश्यक सामान लेकर जाने वाले वाहन भी बीच रास्ते में फंस गये हैं।

Kathmandu : नेपाल में दो भारतीय गिरफ्तार

काठमांडू : (Kathmandu) नेपाल के बांके जिले में छह लाख रुपये की अवैध भारतीय मुद्रा (illegal Indian currency) के साथ दो युवकों को शनिवार...

Explore our articles