
मुंबई : (Mumbai) अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और सेमीहाईस्पीड देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन जून के आखिर में बेंगलुरु से मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (Bengaluru and Mumbai Chhatrapati Shivaji Terminus) के बीच कर्नाटक के तुमकुर, दावणगेरे, हावेरी, हुबली, धारवाड़ और बेलगावी मार्ग से होकर चलेगी।
केंद्रीय मंत्री एवं हुबली के सांसद प्रल्हाद जोशी (Union Minister and MP for Hubballi, Pralhad Joshi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर एक्स्प्रेस जल्द ही मिरज सहित पुणे, मुंबई, सातारा, बेलगावी और हुबली के यात्रियों की सेवा में शामिल होने जा रही है। इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संकेत दिए थे कि यह ट्रेन जून महीने के अंत तक शुरू की जाएगी।
दक्षिण-पश्चिम रेलवे विभाग को मुंबई–बेंगलुरु मार्ग (Mumbai–Bengaluru route) पर नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस चलाने के लिए रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। इससे पहले चर्चा थी कि यह ट्रेन पुणे–सोलापुर–कलबुर्गी मार्ग से चलाई जाएगी, जिससे पश्चिम महाराष्ट्र के सातारा, सांगली और मिरज के यात्रियों में निराशा थी। हालांकि अब ट्रेन के फिर से मिरज मार्ग से चलने की जानकारी सामने आने के बाद यात्रियों में खुशी का माहौल है। मुंबई से बेंगलुरु तक का सफर अब केवल 14 घंटे में पूरा होने की संभावना है। ट्रेन का ठहराव मिरज जंक्शन, कराड, सातारा और पुणे जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे मिरज–पुणे और मिरज–बेंगलुरु यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
इस आधुनिक ट्रेन में 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की क्षमता, ऑटोमैटिक दरवाजे, वाई-फाई सुविधा, आरामदायक सीटिंग व्यवस्था, बायो-टॉयलेट्स और पैंट्री कार जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फिलहाल रेलवे विभाग ने ट्रेन का आधिकारिक समय-सारिणी या उद्घाटन तिथि घोषित नहीं की है। –


