
नई दिल्ली : (New Delhi) बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही (Bollywood actress Nora Fatehi) फीफा वर्ल्ड कप 2026 के उद्घाटन समारोह में प्रस्तुति देती नजर आएंगी। यह समारोह 12 जून 2026 को कनाडा के टोरंटो स्थित बीएमओ फील्ड में आयोजित होगा। खास बात यह है कि नोरा इस भव्य आयोजन में न सिर्फ परफॉर्म करेंगी, बल्कि गायन भी करेंगी।
फीफा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नोरा फतेही के साथ इस समारोह में कई अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी शामिल होंगे। इनमें एलानिस मॉरिसेट, एलेसिया कारा, एलियाना, जेसी रेयेज, माइकल बब्ले, संजॉय, वेजीड्रीम और विलियम प्रिंस जैसे नाम शामिल हैं।
वहीं अमेरिका में होने वाले उद्घाटन समारोह में अनिटा, फ्यूचर, केटी पेरी, लीसा, रेमा और टायला जैसे वैश्विक संगीत सितारे प्रस्तुति देंगे। इससे फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) 2026 खेल, संगीत और मनोरंजन का भव्य संगम बनने जा रहा है।
नोरा फतेही की इस लाइनअप में मौजूदगी उनके बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को दर्शाती है। वह पहले भी फीफा वर्ल्ड कप 2022 के समारोहों में अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। इस बार उनकी वापसी एक बार फिर यह साबित करती है कि वैश्विक मंचों पर उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
नोरा को एक बहुआयामी कलाकार माना जाता है, जो संगीत, नृत्य और मंचीय प्रदर्शन का शानदार मिश्रण पेश करती हैं। उन्होंने इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े खेल आयोजनों से जुड़े कार्यक्रमों में भी प्रस्तुति दी है।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के उद्घाटन समारोह में नोरा फतेही का प्रदर्शन उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का एक और बड़ा पड़ाव माना जा रहा है। टोरंटो में दुनिया भर के मशहूर कलाकारों के साथ मंच साझा करते हुए नोरा एक बार फिर अपनी खास ऊर्जा और प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करती नजर आएंगी।
इसी बीच नोरा फतेही (Nora Fatehi) अपने नए आई-पॉप गाने ‘बॉडी रोल’ को लेकर भी चर्चा में हैं, जिसमें उनके साथ यो यो हनी सिंह नजर आएंगे। यह गाना शनिवार को रिलीज होगा और इसे लेकर दुनियाभर के दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है।


