राउरकेला:(Rourkela) 13वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2023 के फाइनल में चंडीगढ़ का सामना मध्य प्रदेश से होगा। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में चंडीगढ़ ने हरियाणा और मध्य प्रदेश ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में चंडीगढ़ ने हरियाणा को 3-1 से हराया। सुरिंदर सिंह (6′, 59′) ने हॉकी चंडीगढ़ की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्होंने दो गोल किए। वहीं, दीपक कुमार (12′) ने एक गोल किया। दूसरी ओर, रोशन (60′) ने अंतिम सीटी बजने से ठीक पहले हॉकी हरियाणा के लिए सांत्वना गोल किया। चंडीगढ़ टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है और लगातार तीसरी बार फाइनल में खेलेगी।
टूर्नामेंट में अब तक अपने अपराजित अभियान के बारे में बोलते हुए, हॉकी चंडीगढ़ के कोच गुरमिंदर सिंह ने कहा, “टीम ने अब तक वास्तव में अच्छा खेला है, और मुझे लड़कों पर बहुत गर्व है। हमारी टीम काफी अनुभवी है और मुझे विश्वास है कि हम फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश के खिलाफ जीत हासिल करेंगे।”
दूसरे सेमीफाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को पेनल्टी शूटआउट में 12-11से हराया। दोनों टीमें तय समय तक 4-4 से बराबरी पर थीं, जिसके बाद शूट आउट का सहारा लिया गया। मध्य प्रदेश के लिए मोहम्मद ज़ैद खान (14′), अली अहमद (17′), मोहित कर्मा (29′) और ज़मीर मोहम्मद (39′) ने एक-एक गोल किया। वहीं, ओडिशा के लिए दीपक मिंज (24′), आकाश सोरेंग (31′), अनमोल एक्का (39′) और प्रताप टोप्पो (54′) ने एक-एक गोल किया।
शूटआउट में दोनों टीमों ने दृढ़ता दिखाते हुए कुल तेईस गोल किए। शूटआउट में हॉकी मध्य प्रदेश ने कुल बारह गोल किये। मध्य प्रदेश के लिए शूटआउट में सुंदरम सिंह राजावत और श्रेयस धूपे ने तीन-तीन गोल किए, जबकि लव कुमार कनौजिया, कप्तान अंकित पाल और मोहम्मद जैद खान ने दो-दो गोल किए। हॉकी मध्य प्रदेश के गोलकीपर अमान खान अपनी टीम के लिए मैच के हीरो रहे, क्योंकि उन्होंने ओडिशा के जसमन मुंडा के एक महत्वपूर्ण गोल को बचाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। हॉकी मध्य प्रदेश भी अब तक टूर्नामेंट में अपराजित है।
चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश की टीमें खिताबी मुकाबले में आज रात साढ़े आठ बजे आमने सामने होंगी।


