spot_img

Ranchi : एनडीपीएस और साइबर अपराध से जुड़े मामले में भी बेहतर अनुसंधान करने की जरुरत : एसएन प्रसाद

रांची : महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराध से संबंधित अनुसंधान के लिए सीआईडी के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन रविवार को होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में जस्टिस एसएन प्रसाद ने किया। इस दौरान डीजीपी अजय कुमार सिंह, सीआईडी डीजी अनुराग गुप्ता सहित अन्य कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

मौके पर जस्टिस एसएन प्रसाद ने कहा कि यह प्रशिक्षण महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराध से संबंधित अनुसंधान को बेहतर तरीके से करने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट और साइबर अपराध से जुड़े मामले में भी बेहतर अनुसंधान करने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि 150 महिला पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सभी को प्रशिक्षण के जरिये अनुसंधान में दक्ष बनाया जायेगा।

डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराध से संबंधित मामले के बेहतर अनुसंधान के लिए सीआईडी की ओर से प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। इससे अनुंसधान में सहायता मिलेगी। इस दौरान यौन अपराध से संबंधित अनुसंधान में सहयोग देने के लिए चयनित महिला पुलिस पदाधिकारी और महिला पुलिस कर्मियों का चार सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जायेगा।

मौके पर डीजी अनुराग गुप्ता ने कहा कि 150 महिला पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बच्चों के मामलों में महिलाओं को ज्यादा संवेदना होती है। खासकर बच्चियों को जहां मामला आता है, वहां महिला पुलिसकर्मियों को आगे कर अनुसंधान कराने का उदेश्य है। उन्होंने कहा कि लगातार साइबर अपराधियों के खिलाफ सीआईडी की कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट मामले में जल्द ही सीआईडी तेजी से कार्रवाई करेगी। इसके लिए सभी डीआईजी के साथ जल्द ही बैठक की जाएगी।

Explore our articles