spot_img

Raisen : हेमलता की आजीविका का माध्यम बनेगी फूड वैन,केन्द्रीय सचिव ने किया उद्घाटन

रायसेन : भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश सिंह तथा मप्र पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सांची में आजीविका मिशन के तहत भोजन एवं फूड वैन का उद्घाटन किया। इस भोजन एवं फूड ट्रक का संचालन ग्राम मुक्तापुर के सरस्वती स्व-सहायता समूह की हेमलता पाल द्वारा किया जाएगा। इस दौरान कलेक्टर अरविंद दुबे तथा जिला पंचायत सीईओ अंजू भदौरिया ने जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विभाग और आजीविका मिशन के तहत संचालित गतिविधियों से अवगत कराया।

केन्द्रीय सचिव शैलेश सिंह ने हेमलता पाल तथा समूह की अन्य दीदियों से भी चर्चा कर समूह द्वारा संचालित की जा रही गतिविधियों, आमदानी आदि के संबंध में जानकारी ली। हेमलता पाल ने बताया कि उन्होंने भोपाल से होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। इसके पश्चात सचिव शैलेश सिंह तथा अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव ने सांची में ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे रूरल मार्ट का भी निरीक्षण किया। साथ ही महिलाओं से चर्चा कर रूरल मार्ट के संचालन तथा आय के बारे में जानकारी ली।

अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव ने कहा कि आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों से जोड़कर महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आज यहां आजीविका मिशन के तहत भोजन एवं फूड वैन का उद्घाटन किया गया है। इससे एक ओर जहां समूह की महिलाओं को आजीविका का साधन मिलेगा, वहीं सांची आने वाले पर्यटक तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री भी मिलेगी। इस कार्य के लिए महिलाओं ने भोपाल में प्रशिक्षण भी प्राप्त किया गया। स्व-सहायता समूहों की अनेक महिलाओं ने सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।

केन्द्रीय सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सिलपुरी में विकास कार्यो का लिया जायजा

भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मप्र शासन के अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव तथा आयुक्त मनरेगा कृष्ण चैतन्य द्वारा सांची जनपद के ग्राम सिलपुरी में निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण किया गया। जिला पंचायत सीईओ अंजू भदौरिया ने बताया कि इस अमृत सरोवर तालाब की क्षमता 12 हजार क्यूबिक घन मीटर है। इस तालाब का निर्माण हो जाने के बाद इसमें सिंघाड़ा उत्पादन किया जाएगा। साथ ही सिंचाई के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा।

सचिव सिंह तथा अपर मुख्य सचिव श्रीवास्तव ने समय सीमा में अमृत सरोवर का कार्य पूर्ण कराने के लिए कहा। उन्होंने सिलपुरी में ही पुष्कर धरोहर के जीर्णोद्धार कार्य का भी जायजा लिया। इस प्राचीन तालाब का मनरेगा योजना से जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि इस प्राचीन तालाब से पानी रिसाव हो रहा था, जिसे ठीक कर दिया गया है तथा अभी पिचिंग का कार्य किया जा रहा है। इस तालाब में मछली पालन किया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत में किए जा रहे अन्य विकास और निर्माण कार्यो तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में भी अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान एसआरएलएम के प्रभारी एमएल बेलदार, मनरेगा प्रभारी अखिलेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Explore our articles