पुलिस, प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी रहे शामिल, सुरक्षा और विकास पर मांगे गए सुझाव
यूपी-एमपी की सीमा पर प्रवेश द्वार बनवाए जाने की मांग, नौढ़िया में बनाई जाएगी पुलिस चौकी
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) शासन के निर्देश पर पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने यूपी-एमपी के सीमावर्ती गांव चुंदवा (विकास खंड शंकरगढ़) में एक चौपाल का आयोजन किया, जिसमें स्थानीय लोगों से क्षेत्र के विकास के निमित्त उनके सुझाव मांगे गए और उनकी समस्याएं सुनीं गईं। इस चौपाल में पुलिस विभाग के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि चुंदवा में आयोजित चौपाल में स्थानीयलोगों का बहुत ही सकारात्मक सहयोग देखने को मिला। बताया कि चौपाल के जरिए स्थानीय लोगों की समस्याएं जानने की कोशिश की गईं हैं। इसके अलावा स्थानीयलोगों ने यूपी-एमपी को जोड़ने वाले स्थल पर एक भव्य गेट बनाने की मांग की गई है, जिसके लिए जिला प्रशासन से बात की जाएगीऔर स्थानीय लोगों की मांग कोपूरा किया जाएगा। इसके अलावा नौढ़िया उपरहार में एक पुलिस चौकी का भी शीघ्र स्थापना करवाई जाएगी।
सीमावर्ती गांव में चौपाल लगाने आए सीपी रमित शर्मा ने शंकरगढ़ थाने का भी बारीकी से मुआयना किया और यहां के कार्यों से वह संतुष्ट दिखे। सीपी ने थाने में कबाड़ के रूप में खड़े सीज किए गए वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनमानस का आह्वान किया कि वह किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस के पास आएं और पुलिस का सहयोग करेंगे। पुलिस उनकी सेवा के लिए हर समय तत्पर है।
इस दौरान सीपी ने डीसीपी यमुनानगर दीपक भुकर, एसओ मनोज कुमार सिंह के साथ बार्डर का भी मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। चौपाल के दौरान एसीपी बारा संतलाल सरोज, बीडीओ रामविलास रॉय, ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी, नायब तहसीलदार शंकरगढ़, थाना प्रभारी मनोज सिंह, जनेह (रींवा, मध्य प्रदेश) थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक ऋतुराज सिंह, उपनिरीक्षक अमरेंद्र सिंह, प्रधान पुष्पराज सिंह, प्रधान प्रतिनिधि परमेश्वर सिंह समेत तमाम गांवों के प्रधान और आम जनता मौजूद रही।


