spot_img

New Delhi : पत्नी को तमंचा दिखाना पड़ा भारी, आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली : न्यू अशोक नगर इलाके में घर के सामने रहने वाली एक युवती से युवक को प्यार हुआ। दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया लेकिन दोनों की शादी दो माह भी नहीं चली। लड़की ने अपनी मां के घर रहना शुरू कर दिया। बाजार में आरोपित को पत्नी मिली तो वह तमंचा दिखाकर उससे वापस घर चलने की बात करने लगा।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। उसकी पहचान सुरेश (28) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया। आरोपित शराब पीकर अपनी पत्नी को पीटता था। इसी वजह से उसकी पत्नी श्यामा सिंघल ने उसे छोड़ दिया था।

डीसीपी अमरुथा गुगुलोथ ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8.00 बजे पुलिस को एक शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता श्यामा सिंघल (21) ने बताया कि उसका पति उसे पिस्टल लेकर धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपित को दबोच लिया।

उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद भी हो गया। पीड़िता श्यामा ने बताया कि दो साल पहले आरोपी उसके घर के सामने रहता था। दोनों में दोस्ती हुई और बाद में इन लोगों ने कड़कड़डूमा कोर्ट में जाकर प्रेम विवाह कर लिया। उस समय सुरेश सीलमपुर में एक पैथ लैब में नौकरी करता था।

शादी के बाद उसने श्यामा को शराब पीकर पीटना शुरू कर दिया। दो माह बाद की श्यामा ने अपनी मां के पास जाकर रहना शुरू कर दिया। आरोप है कि शुक्रवार को श्यामा अपने कजिन हिमांशु के साथ मार्केट किसी काम से गई थी। इस दौरान आरोपित उसे मिला और घर वापस चलने के लिए धमकाने लगा।

पुलिस ने आरोपित सुरेश के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मूल रूप से श्याम विहार, आगरा रोड चुंगी, एटा, यूपी का रहने वाला है। पिछले कुछ माह से वह बेरोजगार भी है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

Explore our articles