spot_img

New Delhi : देश में नौ साल में स्टार्टअप की संख्या चार सौ से बढ़कर एक लाख से हुई अधिक: डॉ. जितेन्द्र सिंह

नई दिल्ली : केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि साल 2014 से पहले मात्र 350-400 स्टार्टअप थे। साल 2016 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से स्टार्टअप इंडिया आंदोलन की शुरुआत की और आज उनकी संख्या एक लाख से अधिक हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए स्टार्टअप्स को प्राथमिकता दी है।

केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह प्रगति मैदान में चल रहे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सप्ताह प्रदर्शनी में बच्चों को संबोधित कर रहे थे। डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रदर्शनी में वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), जैव प्रौद्योगिकी विभाग ( डीबीटी), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई), रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और कई अन्य विभागों एवं सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (पीएसयू) और निजी उद्योगों के लगाए गए स्टालों में गहरी रूचि दिखाई ।

इस मौके पर डॉ. जितेन्द्र सिंह ने प्रदर्शनी में आए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के साथ बातचीत की और उन्हें विशिष्ट क्षेत्रों में आगे बढ़ने वाले विभिन्न स्टार्ट-अप उद्यमियों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। डॉ सिंह ने छात्रों के साथ स्कूल के शिक्षकों और स्टार्ट-अप प्रोत्साहनकर्ताओं (प्रमोटरों) के साथ भी बात की।

Explore our articles