spot_img

New Delhi : दिल्ली में अंगीठी और लकड़ी के धुएं से छह लोगों का दम घुटा

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के अलीपुर स्थित खेड़ा इलाके (Kheda area of Alipur, Delhi) में घर के बंद कमरे में जलती अंगीठी रखने से चार लोगों की सोते समय दम घुटने से मौत हो गई। अंदर से बंद कमरे से पति-पत्नी और सात व आठ साल के दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। एक अन्य घटना इंद्रपुरी थाना इलाके के सी ब्लॉक में बंद कमरे में अंगीठी के धुएं से दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

डीसीपी रवि सिंह ने बताया कि खेड़ा गांव में ट्रक ड्राइवर दिनकर सिंह पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। शनिवार की रात दिनकर ने हाड़ कंपाने वाली ठंड से बचने के लिए अपने कमरे में अंगीठी जलाई और पूरे परिवार के साथ सो गए। सुबह में दिनकर सिंह उनकी पत्नी ललिता देवी और सात और आठ साल के दो बच्चे कमरे के मृत पाए गए। कमरे के अंदर अंगीठी जल रही थी। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि सर्दी से बचने के लिए जलाई अंगीठी के धुएं से सफोकेशन हुआ और दम घुटने से सभी की मौत हुई होगी। स्थानीय लोगों को सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंदर से बंद दरवाजा खोले जाने पर चारों बेसुध मिले।

पुलिस के आला अधिकारियों का मानना है कि शुरुआती जांच में अंगीठी की वजह से ही मौत की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस मामले में तमाम पहलुओं से जांच कर रही है। अंगीठी का धुआं ऑक्सीजन को कम कर देता है साथ ही साथ गैस भी इससे बनती है जिससे सांस लेने में दिक्कत होती है।

थाना इंद्रपुरी में भी अंगीठी के धुएं से दम घुटने से दो की मौत

दूसरी घटना इंद्रपुरी थाना इलाके के सी ब्लॉक की है। यहां एक कोठी में काम करने वाले दो लोगों की अंगीठी के धुएं की वजह से दम घुटने के कारण मौत हो गई। रविवार सुबह कोठी के मालिक संजय शर्मा ने आम दिनों की तरह तीसरी मंजिल पर रहने वाले अपने ड्राइवर और एक नौकर के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो दरवाजा नहीं खुला। उसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। दरवाजा तोड़ने पर दोनों अंदर बेसुध मिले और एक अंगीठी भी जलती मिली। ऐसे में यह आशंका यही जताई जा रही है कि दोनों की मौत दम घुटने से हुई है। मृतकों की पहचान रामबहादुर व अभिषेक के रूप में हुई है। दोनों नेपाल के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात लोहड़ी का कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद रामबहादुर व अभिषेक ने लकड़ी के कोयले को बल्टी में भरकर कमरे में ले गए। कमरे के सभी खिड़की बंद थी। सुबह उठाने के लिए जब मालिक गए तो देखा दोनों मृत पड़े है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Explore our articles