नई दिल्ली : दिल्ली हाई कोर्ट को सूचित किया गया कि पूर्व कांग्रेस नेता एवं वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल भाजपा नेता डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से भाजपा नेता तेजिंदरपाल सिंह बग्गा के खिलाफ पेश होंगे। बग्गा ने ट्रायल कोर्ट में डॉ. स्वामी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दायर किया है। डॉ. स्वामी ने ट्रायल कोर्ट के समन जारी करने के आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी है।
आज ये मामला जस्टिस दिनेश कुमार शर्मा की कोर्ट में लिस्टेड था। सुनवाई के दौरान वकील सत्या सभरवाल ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में डॉ. स्वामी की ओर से कपिल सिब्बल पेश होंगे और सिब्बल सुप्रीम कोर्ट में अनुच्छेद 370 पर चल रही सुनवाई में व्यस्त हैं। उन्होंने कोर्ट से आज सुनवाई टालने की मांग की। सभरवाल की इस सूचना के बाद कोर्ट ने 4 अक्टूबर को अगली सुनवाई करने का आदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि 04 अप्रैल 2022 को हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की ओर से सुब्रमण्यम स्वामी को जारी नोटिस पर रोक लगा दी थी। 22 मार्च 2022 को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बग्गा की आपराधिक मानहानि याचिका पर डॉ. स्वामी को नोटिस जारी किया था। एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र सिंह ने स्वामी को 06 अप्रैल 2022 को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था। राऊज एवेन्यू कोर्ट के इस आदेश के खिलाफ डॉ. स्वामी ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
बग्गा ने राज एवेन्यू कोर्ट में याचिका दायर कर कहा है कि डॉ. स्वामी ने 28 सितंबर 2021 को एक ट्वीट में कहा था कि दिल्ली के एक पत्रकार ने स्वामी से कहा था कि भाजपा ज्वाइन करने से पहले बग्गा को मंदिर मार्ग पुलिस थाना छोटे-छोटे अपराधों के मामले में जेल में भिजवा चुकी है।
याचिका में कहा गया है कि 28 सितंबर 2021 के ट्वीट के बाद बग्गा को भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रवीण शंकर कपूर ने उन्हें तलब किया और इसकी सच्चाई बताने को कहा। बग्गा ने कपूर से कहा कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। इसके बाद दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष शशि यादव ने भी उनसे फोन पर इसकी सच्चाई के बारे में पूछताछ की। बग्गा ने उन्हें भी कहा कि आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उसके बाद बग्गा ने 01 अक्टूबर 2021 को डॉ. स्वामी को लीगल नोटिस भेजा। इस नोटिस के मिलने के बाद डॉ. स्वामी ने दोबारा वही ट्वीट 2 अक्टूबर 2021 को किया। बग्गा ने कोर्ट को दिए बयान में कहा कि डॉ. स्वामी के ट्वीट मानहानि वाले थे और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की नीयत से किए गए हैं।


