मंत्रालय ने एयरलाइन कंपनियों को नियमित किराया स्तर बनाए रखने के दिए निर्देश
श्रीनगर से दो नई दिल्ली और दो मुंबई के लिए 4 विशेष उड़ानों की व्यवस्था की गई
नई दिल्ली : (New Delhi) नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइन कंपनियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि श्रीनगर मार्ग पर हवाई किराये में कोई वृद्धि न हो। मंत्रालय ने कहा कि श्रीनगर के लिए अतिरिक्त उड़ानें भी संचालित की जाएंगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आज जारी बयान में कहा कि केंद्रीय नागर विमाननमंत्री राममोहन नायडू (Union Civil Aviation Minister Ram Mohan Naidu) ने कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर प्रभावित पर्यटकों और पीड़ितों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं। नागर विमानन मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से गृहमंत्री से बात की और संबंधित अधिकारियों के साथ निकट समन्वय बनाए रखते हुए चौबीस घंटे स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
राम राममोहन नायडू ने तत्काल राहत उपायों के रूप में श्रीनगर से 4 विशेष उड़ानें जिसमें दो दिल्ली और दो मुंबई के लिए व्यवस्था की गई है। साथ ही इसके बाद की निकासी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अतिरिक्त उड़ानों को तैयार रखा गया है। उन्होंने सभी एयरलाइन ऑपरेटरों के साथ एक तत्काल बैठक बुलाते हुए किराया में बढ़ोतरी के खिलाफ सख्त निर्देश जारी करते हुए एयरलाइनों को नियमित किराया स्तर बनाए रखने को कहा गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस संवेदनशील समय के दौरान किसी भी यात्री पर बोझ न पड़े।
इसके अलावा नायडू ने सभी एयरलाइन कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे राज्य सरकारों और स्थानीय प्राधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए, मृतक व्यक्तियों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। नागर विमानन मंत्रालय पूरी तरह सतर्क है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया था। इस हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए हैं।


