spot_img

New Delhi : एमसीडी समिति के सदस्यों का चुनाव: आप के बागी सहरावत, भाजपा की रेखा गुप्ता, अन्य ने वोट डाला

New Delhi : Election of MCD committee members: AAP's rebel Sehrawat, BJP's Rekha Gupta, others cast their votes

नयी दिल्ली: (New Delhi) आम आदमी पार्टी (आप) के बागी पवन सहरावत ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव के दौरान मतदान किया।बवाना से आप पार्षद नगर निगम सदन की महत्वपूर्ण बैठक से पहले भाजपा में शामिल हो गए।दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय के आदेश पर एमसीडी की स्थायी समिति के छह सदस्यों का चुनाव करने के लिए फिर से मतदान हो रहा है।पूर्वाह्न करीब सवा 11 बजे मतदान शुरू हुआ। ओबेरॉय ने बूथ क्षेत्र में मोबाइल फोन ले जाने पर रोक लगा दी है।

वोट डालने के लिए सहरावत का नाम पुकारे जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों ने जोरदार तालियां बजाईं। जैसे ही वह अपना मतपत्र लेने के लिए सदन के गलियारे से आगे बढ़े, आप सदस्यों ने ‘‘गद्दार’’ के नारे लगाए।
इससे अविचलित सहरावत अकड़ के साथ चलते हुए आगे बढ़े। इससे पहले दिन में बवाना के आप पार्षद का भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यालय में कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और महासचिव हर्ष मल्होत्रा ने स्वागत किया। इस दौरान भाजपा की दिल्ली इकाई के कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

भाजपा में शामिल हुए सहरावत ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी में ‘‘भ्रष्टाचार’’ के कारण उन्हें ‘‘घुटन’’ महसूस हो रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वह व्यथित थे क्योंकि एमसीडी सदन की बैठक के दौरान आप पार्षदों को हंगामा करने का निर्देश दिया गया था।आप और भाजपा पार्षदों के बीच झड़पों और लंबे समय तक जारी हंगामे के एक दिन बाद नगर निगम की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए एक बार फिर एमसीडी सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई।सुबह 10 बजे एमसीडी सदन की कार्यवाही निर्धारित समय पर फिर से शुरू नहीं हो सकी और कार्यवाही फिर से शुरू होने का इंतजार कर रहे कई भाजपा पार्षदों ने ‘‘अपनी घड़ी सही करो, मेयर मैडम सदन में आओ’’ के नारे लगाए।

इससे पहले जब सदस्य बैठक शुरू होने का इंतजार कर रहे थे, तो कई भाजपा पार्षदों ने सदन के कक्ष में सहरावत का अभिवादन किया और ‘‘पवन सहरावत का स्वागत है’’ के नारे लगाए और अपने खेमे में उनका स्वागत करने के लिए जीत के संकेत दिए।सहरावत भी भाजपा के पार्टी रंग से सराबोर दिखे और उन्होंने चैंबर के अंदर जीत का संकेत दिया। 250 सदस्यीय सदन में करीब 130 पार्षद दोपहर एक बजे तक वोट डाल चुके हैं।

ओबेरॉय ने बीच-बीच में पार्षदों को याद दिलाया कि बूथ क्षेत्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है।आप के सदन के नेता मुकेश गोयल, उपमहापौर आले मोहम्मद इकबाल, महापौर चुनाव में ओबेरॉय से हारने वाली भाजपा पार्षद रेखा गुप्ता, दक्षिण दिल्ली के पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत, आप सदस्य बॉबी (ट्रांसजेंडर समुदाय के पहले पार्षद) ने मताधिकार की प्रक्रिया पूरी की।

Explore our articles