spot_img

Nainital : ‘तेरी ऊंची अटरिया कैसे आऊं मां’ भजन पर थिरके श्रद्धालु

नैनीताल : (Nainital) नैनीताल नगर की आराध्य देवी माता नयना देवी के मंदिर में चल रहे श्रीमद् देवी भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर शुक्रवार को व्यास कपिल देव महाराज ने भक्तों को मां भगवती की महिमा का सजीव श्रवण कराया। उन्होंने राजा परिक्षित की कथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार राजा जन्मेजय ने व्यास जी से देवी भागवत कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। कथा प्रसंगों में सत्यव्रत ब्राह्मण की कथा के माध्यम से ‘मां भगवती के बीज मंत्र एं’ की दिव्यता और चमत्कारी प्रभाव का विस्तारपूर्वक वर्णन भी किया गया।

कथा के मध्य जब कपिल देव महाराज ने ‘तेरी ऊंची अटरिया कैसे आऊं मां’ भजन का सस्वर पाठ किया तो पूरा पंडाल भक्तिभाव से सराबोर हो गया और श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। भजन के स्वर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर रहे थे। कथा के मुख्य यजमान मां नयना देवी मंदिर अमर उदय ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव लोचन साह व यजमान भीम सिंह कार्की सपत्नीक मंचासीन रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष घनश्याम लाल साह, सचिव हेमंत शाह, उपसचिव प्रदीप शाह, कोषाध्यक्ष किशन सिंह नेगी, शैलेश साह, मनोज चौधरी सहित आचार्य, कर्मचारी एवं वरिष्ठ न्यासीगणों ने उपस्थित रहकर आयोजन को गरिमा प्रदान की।

Explore our articles