spot_img

Kolkata : अलीपुरद्वार में मोदी के हमले के बाद ममता बनर्जी का पलटवार, विकास कार्यों की लंबी सूची साझा कर दी नसीहत

कोलकाता : (Kolkata) अलीपुरद्वार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधे जाने के एक दिन बाद, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर करारा जवाब दिया है। अपने जवाब में उन्होंने राज्य सरकार की ओर से अलीपुरद्वार और उसके आसपास के क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी और प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वे लोगों को बांटने का नहीं, जोड़ने का काम करती हैं।

ममता बनर्जी ने अपने पोस्ट में बताया कि उनकी सरकार ने अलीपुरद्वार जिले में समावेशी विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि ‘बांग्ला शस्य बीमा’ योजना के तहत 1.18 लाख और ‘बिनामूल्य सामाजिक सुरक्षा योजना’ के तहत 2.75 लाख लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक 37 हजार से अधिक पट्टे वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें 17,072 भूमि पट्टे, 12 हजार 614 शरणार्थी पट्टे, छह हजार 397 वन पट्टे और एक हजार 127 चाय सुंदरी पट्टे शामिल हैं।
‘जलस्वप्न’ परियोजना के अंतर्गत 3.65 लाख में से 2.11 लाख परिवारों को पीने के पानी की सुविधा दी गई है। वहीं, ‘बांग्लार बाड़ी’ योजना के तहत 546.13 करोड़ की राशि 45 हजार 511 परिवारों को आवास निर्माण हेतु दी गई है। ‘कर्मश्री’ योजना के तहत 2.84 लाख लोगों को रोजगार दिया गया, जिससे 1.28 करोड़ कार्यदिवस सृजित हुए, जिस पर करीब 300 करोड़ राशि खर्च हुए।

‘पथश्री’ योजना के अंतर्गत चार हजार 266 किलोमीटर सड़कों का निर्माण लगभग चार हजार करोड़ की लागत से हुआ है। साथ ही 45 नए पुलों का निर्माण भी हुआ है, जिनमें बाला, बसरा, दीमा, बुरीतोरसा, कुमाई जैसी नदियों पर बने पुल शामिल हैं। अलीपुरद्वार में 28 करोड़ की लागत से नया बस स्टैंड भी बनाया गया है।

Explore our articles