मतगणना शुरू होने के पहले भाजपा उम्मीदवार अशोक तिवारी ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में लगाई हाजिरी
वाराणसी:(Municipal elections) नगरीय निकाय चुनाव में शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना स्थल पहडिया मंडी में मतों की गणना शुरू हो गई है। मतगणना के पहले राउंड के रुझान में भाजपा के महापौर प्रत्याशी अशोक तिवारी आगे चल रहे हैं। दूसरे नम्बर पर कांग्रेस के उम्मीदवार अनिल श्रीवास्तव हैं। काशी में महापौर पद पर कुल 11 उम्मीदवार हैं।
मतगणना की शुरुआत में पोस्टल बैलेट की गिनती में भाजपा महापौर उम्मीदवार ने बढ़त ले ली। इसके पहले अशोक तिवारी ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद उनसे जीत का आशीर्वाद मांगा। दर्शन पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर मत मिला है। प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद सारा काम धरातल पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के मानक पर पूरे देश में काशी एक मॉडल बन गई है। उम्मीद है कि जनता फिर से उन्हें अपना विश्वास देगी।
मतगणना में मंडी के हाल संख्या एक व दो में पचास टेबल पर एक साथ महापौर व पार्षद के ईवीएम खोले गए हैं। एक टेबल पर ही एक तरफ पार्षद व दूसरे तरफ महापौर के वोटों की गिनती हो रही है। एक साथ 100 ईवीएम खुलेंगे। कुल 2650 ईवीएम में पड़े 06 लाख 49 हजार 915 वोटों की गिनती होनी है।
कुल 27 राउंड में वोटों की गिनती पूरी होगी। मतगणना स्थल के आसपास और जिले में सभी अतिसंवेदनशील स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना स्थल पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके, इसके लिए प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था की है।


