मुंबई: (MUMBAI) नासिक जिले में राजस्व जिला आयुक्तालय परिसर में मंगलवार को ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिडक़ कर आत्मदाह का प्रयास किया। कार्यक्रम में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया, जिससे अप्रिय घटना नहीं हो सकी। इस मामले में पुलिस युवक योगेश खटाल से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार योगेश खटाल नासिक जिले के चांदवड़ तहसील का मूल निवासी है। पिछले 40 दिनों से संभागीय राजस्व आयुक्त कार्यालय के बाहर योगेश खटाल अपनी पुश्तैनी जमीन के लिए राजस्व आयुक्त के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप है कि राजस्व आयुक्तालय की गलती की वजह से उनकी पुश्तैनी जमीन चली गई है। उनकी शिकायत और उनके प्रदर्शन के बाद भी कार्रवाई न होने पर योगेश खटाल ने स्वतंत्रता दिवस पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी।
इसी वजह से आज जब राजस्व जिला आयुक्तालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम हो रहा था, तभी योगेश खटाल पेट्रोल सहित कार्यक्रम स्थल पर आए। इसके बाद योगेश ने अपने शरीर पर पेट्रोल छिडक़ लिया, लेकिन इसकी भनक लगते ही कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षाकर्मियों ने योगेश को पकड़ा और दियासलाई छीन ली। इसके बाद पुलिस ने योगेश को हिरासत में ले लिया है। मामले की छानबीन जारी है।


