
मुंबई : (Mumbai) बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईथा’ (Shraddha Kapoor’s upcoming film ‘Eetha’) का पहला टीजर सिनेमाघरों में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत ‘कॉकटेल 2’ के साथ जारी किया गया है। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की यह फिल्म प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर (Tamasha and Lavani artist Vithabai Narayangaonkar) के जीवन पर आधारित है। टीजर में श्रद्धा का अब तक का सबसे अलग और प्रभावशाली रूप देखने को मिला है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
टीजर में विठाबाई के जीवन की एक बेहद मार्मिक घटना को दिखाया गया है। श्रद्धा का किरदार गर्भावस्था के अंतिम चरण में भी मंच पर प्रस्तुति देता नजर आता है। प्रदर्शन के दौरान प्रसव पीड़ा शुरू होने के बावजूद वह कार्यक्रम नहीं रोकती, बल्कि बच्चे को जन्म देने के बाद फिर मंच पर लौटकर नृत्य जारी रखती है। इस दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया है और श्रद्धा के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है।
सोशल मीडिया पर भी टीजर को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। कई प्रशंसकों ने इसे श्रद्धा कपूर के करियर की सबसे दमदार प्रस्तुति बताया है, जबकि कुछ ने उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार की दावेदार तक करार दिया है। महाराष्ट्र की लोककला और संघर्ष की प्रेरक कहानी पर आधारित ‘ईथा’ 28 अगस्त 2026 (release in theaters worldwide on August 28, 2026) को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल इसका टीजर केवल सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसे जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी जारी किया जाएगा।





