
मुंबई/अंतरवाली सराटी : (Mumbai/Antarwali Sarati) मराठा आरक्षण आंदोलन के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। भाजपा विधायक प्रसाद लाड (BJP MLA Prasad Lad) के आश्वासन के बाद मराठा आंदोलन के प्रमुख नेता मनोज जरांगे पाटील ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। अंतरवाली सराटी में हुई मुलाकात के दौरान प्रसाद लाड ने घोषणा की कि राज्य सरकार द्वारा मराठा समाज के लिए जारी आरक्षण और शैक्षणिक रियायतों से संबंधित शासनादेश (जीआर) अगले दो दिनों के भीतर राज्य के सभी स्कूलों और महाविद्यालयों तक पहुंचा दिए जाएंगे। मुलाकात के दौरान मनोज जरांगे पाटील (Manoj Jarange Patil) ने कहा कि सरकार द्वारा शैक्षणिक लाभ देने के लिए आदेश जारी किए जाने के बावजूद कई स्कूल और महाविद्यालय विद्यार्थियों से पूरी फीस वसूल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शासन ने लाभ देने का निर्णय लिया है, तो उसका प्रभावी क्रियान्वयन क्यों नहीं हो रहा है और विद्यार्थियों को इसका वास्तविक लाभ कब मिलेगा। प्रसाद लाड ने कहा कि जिन विद्यार्थियों से शासन के नियमों के बावजूद फीस वसूली गई है, उन्हें वह राशि वापस दिलाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।भाजपा विधायक ने कहा कि जो अधिकारी सरकार के आदेशों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





