मुरैना : विगत दिनों सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मैदा फैक्ट्री के सामने कोचिंग पर बच्चों को पढ़ा रहे शिक्षक को बाइक पर सवार 2 बदमाश शिक्षक को गोली मारकर फरार हो गए और यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायल शिक्षक को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर भर्ती कराया गया और उसकी जान बच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं अपने मुखबिर तंत्र के माध्यम से रविवार की सुबह घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह मुरैना गांव में बच्चों को पढ़ा रहे शिक्षक गिरवर सिंह कुशवाह को बुलाकर दो बाइक सवार बदमाश कट्टे से पेट में गोली मारकर फरार हो गए। घायल शिक्षक को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से ड्यूटी डॉक्टर ने गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया था। इसके साथ ही सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं लोगों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर फरार आरोपी विक्की राठौर और प्रमोद जाटव के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया था, जिसके बाद फरार आरोपियों पर एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान के द्वारा 5- 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। रविवार की सुबह सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रवीण सिंह चौहान ने मुखबिर की सूचना से मुरैना गांव के पास बाइक लेकर खड़े दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, वहीं पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कट्टा भी जप्त कर लिया है।


