spot_img

Jaipur : गुरु पूर्णिमा सोमवार को, धार्मिक आयोजनों की धूम

जयपुर : गुरु-शिष्य के आध्यात्मिक मिलन का पर्व गुरु पूर्णिमा सोमवार को भक्ति भाव से मनाया जाएगा। छोटी काशी में धार्मिक आयोजनों की धूम रहेगी। शिष्य अपने गुरू का चरण पूजन कर आशीर्वाद लेकर गुरु के आदेश को शिरोधार्य करेंगे। वहीं नए साधक गुरु दीक्षा लेकर भक्ति पथ की राह चलेंगे।

श्री शुक संप्रदाय आचार्य पीठ सरस निकुंज में गुरु पूर्णिमा महोत्सव 2-3 जुलाई को मनाया जाएगा। श्री सरस परिसर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। श्री सरस परिसर को पुष्प, बधाई और शुभकामना के बांदरवाल से सजाया गया है। पहले दिन रविवार, दो जुलाई को अपराह्न तीन बजे से बाहर के वैष्णव भक्त गुरू पूजन करेंगे। दूसरे दिन सोमवार को ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार की विधिवत सेवा के बाद सुबह सात बजे परंपरागत सेवा में विराजित आचार्यों की पादुका पूजन किया जाएगा। सुबह 8 बजे श्री शुक संप्रदाय आचार्य पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज श्री वेदव्यास जी के चित्रपट का पूजन करेंगे। ठाकुर जी की सुबह श्रृंगार आरती दर्शन के बाद वैष्णव भक्त व्यासपीठ की पूजा-अर्चना करेंगे। दोपहर को नाम दीक्षा प्रदान की जाएगी।

काले हनुमान जी, चांदी की टकसाल

चांदी की टकसाल स्थित काले हनुमान मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव 3 जुलाई को भक्तिभाव से मनाया जाएगा। मंदिर के युवराज योगेश शर्मा ने बताया कि सुबह हनुमान जी महाराज को नवीन पोशाक धारण कराकर पुष्प श्रृंगार किया जाएगा। विविध व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। मंदिर महंत गोपाल दास महाराज सुबह आठ बजे पूर्व आचार्यों का पूजन करेंगे। इसके बाद नए साधकों को गुरु दीक्षा दी जाएगी।

श्री चिंताहरण काले हनुमान मंदिर प्रजापति विहार, मानसरोवर स्थित श्री चिंताहरण काले हनुमान मंदिर में महामंडलेश्वर मनोहर दास महाराज के सानिध्य में एक दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव सोमवार, 3 जुलाई को मनाया जाएगा। नाम दान कार्यक्रम सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इस मौके पर संत नारायण देवाचार्य महाराज के छायाचित्र पर सुगंधित फूलों की झांकी सजाई जाएगी। शिष्यों, भक्तों और राज्य की खुशहाली के लिए यज्ञ किया जाएगा। दिनभर भंडारा चलेगा।

Explore our articles