भारत का हर धार्मिक स्थल चमका दें, निरहुआ ने मां विंध्यवासिनी से मांगा आशीष
भोजपुरी फिल्म अभिनेता आम्रपाली ने भी विंध्य दरबार में नवाया शीश
मीरजापुर : भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव ने कहा कि आज जिस प्रकार पूरा भारत चमक रहा है। हर धार्मिक स्थल चमक रहा है। जग विख्यात आदिशक्ति जगत जननी मां विंध्यवासिनी की कृपा ऐसे ही बनी रहे, जिससे हम पूरे भारत को चमका सकें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में जिस तरह काशी विश्वनाथ धाम चमक रहा है। ठीक उसी प्रकार अयोध्या भी चमक रहा है। अब मां विंध्यवासिनी धाम भी भव्य-दिव्य रूप लेने जा रहा है। हम भारत का हर धार्मिक स्थल चमका दें, यही आशीर्वाद मां विंध्यवासिनी से मांगने आए थे। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आम्रपाली के साथ मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने विंध्यधाम आए भाजपा सांसद निरहुआ मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
भाजपा सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ एवं भोजपरी फिल्म अभिनेत्री आम्रपाली ने बुधवार को मां विंध्यवासिनी की चैखट पर शीश नवाया। मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर देश के तरक्की की कामना की। आजमगढ़ के भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव व भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आम्रपाली बुधवार की दोपहर विंध्य दरबार पहुंची। पुरानी वीआईपी मार्ग से गर्भगृह पहुंच मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद मंदिर परिसर पर विराजमान समस्त देवी-देवताओं को नमन किया। साथ ही मंदिर की छत पर मां के पताका को भी प्रणाम किया। दर्शन-पूजन विश्व मोहन उर्फ शिवजी मिश्रा ने कराया।
फिल्म अभिनेता को नजदीक से देखने का मिला मौका, जुटी भीड़
भोजपुरी फिल्म अभिनेता निरहुआ व आम्रपाली के आने की भनक लगते ही विंध्यवासिनी मंदिर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई थी। दरअसल, मां विंध्यवासिनी धाम के बहाने लोगों को फिल्म अभिनेता को नजदीक से देखने का मौका मिला।


