मीरजापुर : नगर निकाय चुनाव में पिंक बूथ आकर्षण का केंद्र रहे। सामान्य बूथों से बेहद अलग इनकी सजावट व व्यवस्था नजर आई। नारी शक्ति का अहसास कराते इन केंद्रों को गुलाबी रंग के गुब्बारे, पोस्टर, बैनर से सजाया गया। मतदान के बाद केंद्र से बाहर निकलने वाली महिलाओं ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें ली, जो नारी शक्ति का अहसास कराते हुए उनके चेहरे पर मुस्कान बिखरती रही।
सोशल मीडिया पर दिन भर पिंक बूथ और सेल्फी का दौर चला। पिंक बूथों की कमान महिला कार्मिकों के हाथ में ही थी। महिलाओं के लिए विशेष रूप से यह बूथ बनाया गया था। व्यवस्था देखकर अच्छा लगा। अंदर महिला कार्मिक भी बेहद सौम्य थीं। मदद के लिए वालंटियर भी मौजूद थे। मीरा मिश्रा, आराधना मिश्रा, प्रतिमा मिश्रा ने बताया कि इससे पहले कभी पिंक बूथ पर मतदान नहीं किया था, यह अहसास अच्छा रहा। हमने अपने पसंद का उम्मीदवार चुना है। पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी भी महिलाएं ही तैनात थीं। चुनाव आयोग के आदेश पर नगर पालिका परिषद मीरजापुर, चुनार, अहरौरा व नगर पंचायत कछवां में एक-एक पिंक बूथ बनाए गए थे।
कमिश्नर, डीएम व सीडीओ ने भी मतदान कर ली सेल्फी
नगर निकाय चुनाव में पोलिंग संख्या 14 बरौधा पर मंडलायुक्त मुथुकुमार स्वामी बी. ने मतदान किया। मुख्य विकास अधिकारी श्री लक्ष्मी वीएस ने प्राथमिक विद्यालय फतहां के पोलिंग बूथ पर मतदान किया और सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या मित्तल ने विसुंदरपुर इंटर कालेज के पोलिंग बूथ संख्या 17 पर मतदान किया। मतदान के बाद पिंक बूथ पर सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर यादगार पल को मोबाइल में कैद किया।


