मीरजापुर : नागपंचमी पर्व 21 अगस्त सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व के मद्देनजर शिवालयों में साफ-सफाई की गई। साथ ही अखाड़े रविवार को ही सज गए। नाग पंचमी के दृष्टिगत छोटे-छोटे बच्चे उत्साहपूर्वक नाग की तस्वीर और लावा बेचते नजर आए। सभासद दुर्गा प्रसाद यादव ने रविवार को अखाड़े में साफ- सफाई कराया। कुश्ती में युवा दांव आजमाते हैं। साथ ही युवा परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी नागपंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। लालगंज के खजुरी हनुमान मंदिर में पूजन अर्चन होगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे से कुश्ती दंगल होगा। जिगना के सुमतिया गांव के कंपोजिट विद्यालय में कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। साथ ही शिवालयों में दर्शन पूजन के लिए भक्त उमड़ेंगे।इसी तरह बिहसड़ा कला, हनुमानपुर, गौरा, बाग जोडावर आदि में कुश्ती दंगल होगा। जय बजरंग मंगल समिति सुमतिया के अध्यक्ष भानू सिंह ने बताया की नाग पंचमी पर प्रतिवर्ष कुश्ती दंगल होता है। पहलवान दांव आजमाने आते हैं। वहीं क्षेत्र के शिव मंदिर बाबा बदेवरा नाथ, हरगढ के विमलेश्वर मंदिर निबी गहरवार के बंगला घाट शिव मंदिर पर भक्तों की भीड़ दर्शन पूजन को जमा होती है। हलिया बाजार स्थित पुराने थाने के सामने हनुमान मंदिर में कुश्ती और चुनार के भरपुर में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।


