काकोरी के कैथीगंरा गांव की गर्भवती महिलाओं को भी दी जरूरी जानकारियां
लखनऊ : विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में भातखण्डे संगीत विश्वविद्यालय की ओर से मनाए जा रहे योग सप्ताह के तहत लखनऊ में शनिवार को जागरुकता रैली निकाली गई। रैली के जरिए आम लोगों को योग करने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा विश्वविद्यालय की ओर से ही काकोरी के कैथीगंरा गांव में गर्भवती महिलाओं को इस अवस्था में कैसे रहना चाहिए, इसके बारे में भी बताया गया। इस गांव को विश्वविद्यालय ने गोद लिया है।
संगीत विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने संस्थान से रैली निकालीं। रैली परिवर्तन चौक, कैसरबाग बारादरी होती हुई वापस आकर संस्थान पर समाप्त हो गई। रैली में 70 से 80 लोगों ने भाग लिया।
उधर, विश्विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षक डॉ. सीमा भारद्वाज, अंजना सिंह ने काकोरी के केथीगंरा गावं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं एएनएम बहनाें के साथ मिलकर गर्भवती महिलाओं को इस अवस्था में कौन सा आसन करना चाहिए, यह बताया। इसके अलावा पौष्टिक खाद्य पदार्थ भी वितरित किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की छात्राओं ने योग को जोड़ते हुए नृत्य भी प्रस्तुत किया।


