spot_img

Kaithal: कैथल में दोस्तों ने की प्रवासी मजदूर की हत्या

पुलिस ने किया साथ काम करने वाले दो दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

कैथल:(Kaithal) दो दोस्त अपने एक साथी को घर से बुला कर ले गए और उसकी हत्या कर शव‌ को खेतों में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मृतक बिहार से आया प्रवासी मजदूर था और अपने परिजनों के साथ गुहला के गांव चक्कू लदाना में रह रहा था। चक्कू लदाना में रह रहे बिहार के जिला साहरसा निवासी रणजीत ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि उसका लड़का जयंत कुमार अपने दोस्त सुरेश शर्मा व पंकज शर्मा के साथ पटियाला पंजाब के गांव हरचंदपुरा में जमीदार के पास नौकरी करता था। ‌

14 अगस्त को उसका लड़का जयंत अपने काम से निवृत होकर उसके पास गांव चक्कू लदाना आया हुआ था। ‌वे रात को 8 बजे खाना खाकर सो गए थे‌। 15 अगस्त कि रात को 1:00 बजे सुरेश शर्मा पुत्र चानो शर्मा व पंकज शर्मा पुत्र विरन शर्मा एक मोटर साईकिल पर उसके घर आए और आवाज देकर उसके लड़के जयंत को कहा कि चलो कम पर जाना है। सुबह 9 बजे तक उसका लड़का घर वापस नहीं आया तो उसकी पत्नी फिकनी देवी ने जयंत के पास फोन किया तो उसका फोन बंद आया। पंकज ने भी फोन नहीं उठाया।

इस पर ऊपर शक हुआ कि उसके लड़के को किसी ने बंधक बना लिया है। इसके बाद वे जयंत को ढूंढने लग गए। उसके दूसरे लड़के मणिकांत ने सुरेश शर्मा को मिलकर कहा कि उन्हें वह जगह दिखाओ जहां उन्होंने जयंत को छोड़ा था।

उसके बाद सुरेश शर्मा ने उन्हें बतलाया कि उनका मस्तगढ से चक्कु लदाना रोड पर एक्सीडेंट हो गया था। वह उन्हें एक्सीडेंट वाली जगह पर ले गया और मौका से भाग गया। उन्हें शक हुआ कि सुरेश शर्मा झूठ बोल रहा है। जब उन्होंने एक्सीडेंट वाली जगह पर तलाश शुरू की तो वहां से कुछ दूरी पर खेतों में ज्वार के खेत में जयंत का शव मिला।

‌उसने अपने मालिक सतनाम सिंह को फोन करके मौका पर बुलाया। ‌जिसने पुलिस को सूचना दी। ‌ रंजीत ने आरोप लगाया कि सुरेश शर्मा व पंकज शर्मा ने उसके बेटे की हत्या करके शव को खेतों में फेंक दिया और उन्हें एक्सीडेंट की गलत सूचना देकर झूठ बोला। जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है।

Explore our articles