spot_img

Kabul: अफगानिस्तान में हिमस्खलन से भारी तबाही, 25 की मौत, बर्फ और मलबे में 30 लोगों के दबे होने की आशंका

काबुल: (Kabul) अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत नूरिस्तान में कल (Monday) हिमस्खलन से भारी तबाही हुई है। कम से कम 25 लोगों की जान चली गई और आठ अन्य घायल हो गए। नूरिस्तान की तातिन घाटी के नाकरे गांव में रातभर हुए हिमस्खलन से घर बर्फ और मलबे की परतों के नीचे दब गए।

अफगानिस्तान टाइम्स और टोलो न्यूज के अनुसार, सूचना और संस्कृति के प्रांतीय प्रमुख जमीउल्लाह हाशिमी ने कहा है कि अभी भी बर्फबारी हो रही है। राहत और बचाव अभियान जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। लगभग 20 घर जमींदोज हो चुके हैं। गांव में व्यापक विनाश हुआ है। कई परिवार विस्थापित हो गए हैं।

नूरिस्तान प्रांत के सार्वजनिक कार्यों के प्रमुख मौलवी मोहम्मद नबी अदेल कहा कि मौसम अभी प्रतिकूल है। इसलिए हेलीकॉप्टर नूरिस्तान में नहीं उतर सकता। अवरुद्ध सड़कों ने बचाव अभियान को और जटिल बना दिया है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की सीमा पर स्थित नूरिस्तान प्रांत में यह ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाका है। यह प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से अतिसंवेदनशील है।

जमीउल्लाह हाशिमी ने कहा है कि छह घरों के मलबे में अभी भी 25 से 30 शव दबे हुए हैं। पंजशीर के सुरक्षा कमान के प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रांत में हिमस्खलन के कारण दो खनिकों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

Explore our articles