spot_img

Jaipur: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बीकानेर, उदयपुर और जयपुर दौरे पर

जयपुर:(Jaipur) लोकसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश में मंगलवार से केन्द्रीय नेताओं के दौरे शुरू हो रहे हैं। इसकी शुरुआत केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Minister Amit Shah) कर रहे हैं। भाजपा ने प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों को आठ कलस्टर में बांटा है। शाह मंगलवार को बीकानेर, उदयपुर और जयपुर कलस्टर के अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। बीकानेर में शाह लोकसभा की प्रबंधन समिति, चुनाव समन्वय समिति और लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। उदयपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन और जयपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

शाह सबसे पहले बीकानेर, उसके बाद उदयपुर और शाम को जयपुर आएंगे। शाह के बाद 25 फरवरी को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का लोकसभा कलस्टर अभियान के तहत कार्यक्रम बन रहा हैं। कलस्टर अभियान के तहत बीकानेर कलस्टर में बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू, उदयपुर कलस्टर में उदयपुर, डूंगरपुर-बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ और जयपुर कलस्टर में जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण और दौसा लोकसभा सीट शामिल हैं। हर कलस्टर कार्यक्रम में उस कलस्टर में शामिल तीनों लोकसभा सीटों के कार्यकर्ता, विधायक,मंत्री,पदाधिकारी और प्रबुद्धजन शामिल होंगे। कार्यक्रम के अनुसार शाह सबसे पहले दिल्ली से बीकानेर पहुंचेंगे। वे दोपहर करीब 12:10 पर बीकानेर के रानी बाज़ार स्थित पार्क पैराडाईज़ में लोकसभा की प्रबंधन समिति, चुनाव समन्वय समिति, और लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद शाह बीकानेर से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां वे दोपहर 2:55 पर कृषि उपज मंडी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम को शाह उदयपुर से जयपुर आएंगे। जयपुर में वे शाम को 5:25 पर जवाहर नगर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

Explore our articles