spot_img
HomeJaipurJaipur : होटल में चल रही थी पार्टी, एक दर्जन से ज्यादा...

Jaipur : होटल में चल रही थी पार्टी, एक दर्जन से ज्यादा थानों की पुलिस ने मारी रेड

जयपुर : आदर्श नगर थाना इलाके में होटल में शुक्रवार देर रात तक पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। सूचना पर सीएसटी की टीम ने कमिश्नर ने मौके पर भेज कर तस्दीक करवाई। इसके बाद करीब 15 थानों की पुलिस को मौके पर भेज कर दबिश दी गई। रात करीब ढाई बजे इस होटल के क्लब में छापा मार कर नशा करते 13 लड़की और 37 लड़कों को पकड़ा (डिटेन) गया है। इनमें 3 होटल का स्टाफ भी शामिल है। होटल में लेटनाइट पार्टीज को लेकर पुलिस को शिकायत मिल रही थी।

पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि शुक्रवार देर रात 11 बजे के बाद सिटी में नाइट क्लब चालू नहीं रखना है। बावजूद इसके देर रात तक होटल में क्लब और शराब पार्टी चलने की सूचना मिली थी। इस पर पहले सिटी स्पेशल टीम (सीएसटी) को मौके पर भेजा गया। शिकायत का सत्यापन कराया गया।

जानकारी सही पाए जाने पर रात ढाई बजे पुलिस ने होटल में रेड की, जो सुबह साढे 4 बजे तक चली। पुलिस लाइन और प्रोटोकॉल के अधिकारियों को देर रात मौके पर भेज कर सभी को डिटेन कर आदर्श नगर थाने लेकर आए। थाने पर सभी 13 लड़कियों के कोटपा एक्ट (नियम के विरुद्ध सिगरेट, हुक्के का इस्तेमाल करना) में चालान काटे गए। फिर छोड़ दिया गया। 37 युवकों को अभी भी शांतिभंग में थाने पर रखा हुआ है। आदर्श नगर थाना इलाके में स्थित होटल के मेनारी क्लब के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। होटल में रात 2.30 बजे तक डिस्को चल रहा था। मौके पर टीम गई तो देखा की युवक और युवतियों को शराब परोसी जा रही थी। खुले में खाने-पीने वाली जगह पर बैठ कर हुक्का भी परोसा जा रहा था, जबकि इसके लिए अलग से स्मोक जोन होना चाहिए।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ऑपरेशन एसीपी प्रोटोकॉल प्रदीप यादव और एडिशनल डीसीपी प्रोटोकॉल रणवीर मीणा के सुपरविजन में किया गया। इस ऑपरेशन में जयपुर सिटी के कुल 15 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। लाइन से भी फोर्स को बुलाया गया था। लोकल थाना आदर्श नगर को इसकी जानकारी नहीं दी गई। कार्रवाई होने के बाद आदर्श नगर थाना पुलिस को जानकारी दी गई।

कमिश्नर के आदेशानुसार डिस्को, पब, बार रात 11 बजे तक चल सकते हैं। अगर इस के बाद कोई भी संचालन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रमाडा के खिलाफ पुलिस को शिकायत मिली थी। इसके बाद कार्रवाई की गई। हालांकि कुछ बार,पब और होटल को इसमें छूट दी गई है। छूट का मुख्य कारण यह है कि उनके यहां पर बजने वाले संगीत की आवाज कैम्पस से बाहर नहीं जानी चाहिए। हुक्के को लेकर नियम है कि कहीं पर भी बालिग को पिला सकते हैं। जिस जगह पर खाने, पीने और बच्चों की मौजूदगी हो, वहां पर हुक्का नहीं पिला सकते। होटल, बार और पब को हुक्का और सिगरेट पिलाने के लिए स्मोकिंग जोन बनाना जरूरी है।

100 पुलिसकर्मी ने एक्शन लिया

सीआई आदर्श नगर सुभाष चद्र ने बताया कि रात को 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने होटल में घुसकर 50 युवक और युवतियों को पकड़ा। 37 युवकों को 151 में गिरफ्तार किया। इनमें तीन वेटर भी शामिल हैं। होटल को चारों तरफ से घेरा गया, फिर करीब 40 पुलिसकर्मियो का जाब्ता अंदर गया। गश्त और नाकेबंदी कर रही 15 थानों की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस लाइन से एक बस भी बुलाई गई।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर