जयपुर: (Jaipur) प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थाओं में शैक्षणिक संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संस्थाओं में क्लासरूम, लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, सेमिनार हाॅल निर्माण और अन्य आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इन कार्यों में लगभग 33.74 करोड़ रुपए व्यय होंगे।
जयपुर के झालाना स्थित सेन्टर फाॅर इलेक्ट्राॅनिक गवर्नेन्स में नए क्लासरूम, हाॅस्टल का विस्तार, आईसीटी, डेटा साइंस लैब, नवीन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग आदि के उपकरण की खरीद और स्थापना की जाएगी।जयपुर, जोधपुर, कोटा, अलवर, अजमेर व बीकानेर पाॅलिटेक्निक महाविद्यालयों में लैब्स का विस्तार तथा मशीनरी एवं उपकरण खरीदे जाएंगे। साथ ही, जयपुर, जोधपुर, कोटा, अलवर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर पाॅलिटेक्निक महाविद्यालय तथा गांधी नगर व जोधपुर महिला पाॅलिटेक्निक महाविद्यालय में 2-2 क्लासरूम का निर्माण होगा। प्रदेश के 20 राजकीय पाॅलिटेक्निक महाविद्यालयों में ई-लाइब्रेरी की स्थापना होगी।
राज्य में संचालित पुराने 19 राजकीय सह-शिक्षा पाॅलिटेक्निक महाविद्यालय व 8 राजकीय महिला पाॅलिटेक्निक महाविद्यालय भवनों में मेन्टीनेंस तथा एम्बिएंस सुधार कार्य किए जाएंगे। प्रदेश के 36 राजकीय सह-शिक्षा पाॅलिटेक्निक महाविद्यालय व 8 राजकीय महिला पाॅलिटेक्निक महाविद्यालयों में आईसीटी लैब मय फर्नीचर, टीचर ट्रेनिंग सेंटर एंड लर्निंग रिर्सोस डवलपमेंट सेंटर (टीटीसी एण्ड एलआरसीडी) जोधपुर में क्लासरूम, आईसीटी लैब, फर्नीचर तथा एम्बिएंस सुधार कार्य तथा 10 राजकीय पाॅलिटेक्निक महाविद्यालयों में वर्चुअल रियलिटी लैब्स की स्थापना की जाएगी।


