टीवी चौनल के पत्रकार ने मौरंग खदान मालिक को फोन पर दी थी धमकी
पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की शुरू की जांच
हमीरपुर : जिले में मौरंग खदान संचालक से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को टीवी चैनल के पत्रकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुकदमा दर्ज होते ही पत्रकार भूमिगत हो गया है।
हमीरपुर शहर के ग्वालटोली मुहाल निवासी जावेद हबीब के रिश्तेदार मकसूद अहमद के नाम बालू, मौरंग खनन का पट्टा है। पिछले कई सालों से इनकी खदान संचालित हो रही है। मौरंग खदान संचालक के रिश्तेदार जावेद हबीब को फोन पर एक लाख रुपये की रंगदारी न देने पर टीवी चौनल के पत्रकार ने धमकी दी थी। आरोप लगाया कि फोन पर पत्रकार ने कई बार पैसे के लिए धमकी दी है।
इस मामले की तहरीर सुमेरपुर थाने में दी गई जिस पर पुलिस ने सुमेरपुर कस्बा निवासी पत्रकार बीरू गुप्ता उर्फ जाली पुत्र उमाशंकर गुप्ता के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि इस पत्रकार के खिलाफ पूर्व में थाने में कई मुकदमे दर्ज हुए थे। जिस पर पुलिस ने उसके खिलाफ एक्शन लिया था। आज मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी पत्रकार अन्डरग्राउन्ड हो गया है।


