गोरखपुर: (Gorakhpur) लोकसभा के आगामी चुनाव के मद्देनज़र मतदाता सूची को आयोग के मानकों की कसौटी पर खरा उतारना अब जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। जनसंख्या के मुताबिक मतदाता सूची में वोटरों के ठीक अनुपात के साथ लिंगानुपात और पहली बार वोटर बनने वाले 18 से 19 वर्ष के युवा वोटरों पर काफी ध्यान देना होगा।
आयोग के मुताबिक जिले में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं का अनुपात एक हजार पर 944 होना चाहिए, लेकिन यहां सिर्फ 851 है। शहर विधानसभा में सबसे अधिक 873 और बांसगांव में सबसे कम 826 है। इसी तरह पहली बार मतदाता बनने वाले 18 से 19 वर्ष के युवाओं की सहभागिता कुल मतदाता संख्या का चार प्रतिशत होना जरूरी है, लेकिन जिले में सिर्फ 0.56 प्रतिशत ही है। जिले में कुल 35 लाख 87 हजार 46 वोटर हैं। इनमें 19 लाख 37 हजार 723 पुरुष व 16 लाख 49 हजार 39 महिलाएं हैं। युवा वोटरों की संख्या महज 20 हजार 141 है। आगामी लोकसभा चुनकव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारी तेज कर दी है। आयोग के अधिकारियों ने गोरखपुर समेत आसपास के 16 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों/जिलाधिकारियों के साथ बैठक भी कर ली है। इस बैठक में मतदाता सूची को मानकों के मुताबिक दुरुस्त करने के सभी पहलुओं पर विचार हुआ था। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त धर्मेंद्र शर्मा ने युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया था और पहली जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूरा करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया था।
मतदाता सूची दुरुस्त करने के साथ ही छूटे हुए लोगों को मतदाता बनाने को 17 अक्टूबर से विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलेगा। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक अभियान के दौरान 30 नवंबर तक मतदाता बनने, नाम काटने, दुरुस्त कराने आदि को लेकर आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। आवेदनों की जांच, कंप्यूटर में फीडिंग के बाद पांच जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इसके लिए प्रत्येक रविवार को मेगा कैंप लगेगा, जिसमें प्रत्येक बूथ पर संबंधित बीएलओ आवेदन पत्रों के साथ मौजूद रहेंगे।
विधानसभावार आंकड़े-
विधानसभा- कुल वोटर महिला युवा
कैंपियरगंज- 381667 – 177031 – 2398
पिपराइच- 407252 – 186559 – 2167
गोरखपुर शहर- 464171 – 216261 – 2971
गोरखपुर ग्रामीण- 420460 – 194611 – 2510
सहजनवां- 374245 – 170421 – 1961
खजनी- 377894 – 172972 – 1835
चौरीचौरा- 352004 – 161883 – 2027
बांसगांव- 377530 – 170772 – 2384
चिल्लूपार- 431823 – 198529 – 1888
योग- 3587046 – 1649039 – 20141
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया कि मतदाता सूची दुरुस्त कराई जा रही है। 17 अक्टूबर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान की भी शुरुआत होगी। इस दौरान वोटर नहीं बने सके लोग आसानी से मतदाता बन सकते हैं। महिला और युवाओं को वोटर बनाने पर जोर रहेगा।


