
गोरखपुर : (Gorakhpur) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur, Uttar Pradesh) से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। राप्ती नदी (Rapti River) में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, चिलुवाताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव के पास तीनों युवक शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे निर्माणाधीन पुल के पास नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।टीम ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब 18 घंटे बाद शनिवार सुबह तीनों किशोरों के शव बरामद किए गए।
तीनों दोस्त, एक साथ खत्म हुई जिंदगी
मृतकों की पहचान-शुभम यादव (19) – 12वीं का छात्र,अभय उर्फ बंटी (18) – 10वीं का छात्र, इकलौता बेटा,शिव साहनी (20) – 12वीं का छात्र तीनों आपस में गहरे दोस्त थे और साथ ही नदी में नहाने गए थे।
रातभर उम्मीद, सुबह मातम
परिजन पूरी रात नदी किनारे बैठे अपने बच्चों के सुरक्षित लौटने की दुआ करते रहे। लेकिन जब सुबह शव बाहर निकाले गए, तो परिवारों में कोहराम मच गया।
मां-बाप की चीखें सुनकर मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आपदा राहत निधि (Disaster Relief Fund) के तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि नदियों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें, खासकर निर्माणाधीन या असुरक्षित स्थानों पर जाने से बचें।


