फिरोजाबाद : थाना उत्तर पुलिस ने बुधवार को तीन दिन पूर्व युवती की हत्या कर शव को फेंकने वाले टैम्पो चालक को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी टैम्पो चालक ने युवती को उसका पैसा न देना पड़े इसलिये गला दबाकर हत्या की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि 20 अगस्त को पुलिस को ककरऊ कोठी क्षेत्र प्रकाश नगर बम्बा के किनारे एक युवती का का शव पडा मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भिजवाया था। सूचना पाकर आये परिजनों ने मृतका की पहचान पूजा (19) के रूप में की थी। उसके परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी उत्तर कमलेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ सूचना पर अभियुक्त जीतू पुत्र शिशुपाल निवासी भीकनपुर थाना रामगढ को ककरऊ कोठी चौराहा से गिरफ्तार किया है।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि 19 अगस्त की रात्रि में उसने लड़की को पहले टैम्पो में बैठाकर इधर उधर घुमाया और फिर मौका पाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। लाश की पहचान छिपाने के उद्देश्य से लडकी के चेहरे को जमीन पर कई बार पटका तथा ईट के टुकडे से चेहरे पर प्रहार किये थे। घटना के समय वह शराब के नशे में था। हत्यारोपी ने बताया है कि वह युवती से पहले भी कई बार पैसे ले चुका था। घटना के दिन वह 25 हजार रूपये मांग रही थी, जिससे मैं काफी परेशान हो गया था। इसलिए मैने रास्ते से हटाने के लिए पूजा की हत्या कर दी। पुलिस ने कार्यवाही कर उसे जेल भेजा है।


