फिरोजाबाद : ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना टूण्डला पुलिस ने 10 साल से लापता व्यक्ति को सकुशल गुजरात से खोजकर उसके परिवारिजनों को सुपुर्द किया है। अपनों से मिलकर परिवारिजनों के चेहरे पर मुस्कान आ गई, परिवार में खुशियां लौट आयी। परिजनों ने पुलिस की सराहना की है।
जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी की ओर से लापता बच्चों व व्यक्तियों को खोजकर उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द किये जाने हेतु अभियान ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। पुलिस के सोशल मीडिया सेल के अनुसार इसी क्रम में थाना टूण्डला प्रभारी प्रदीप कुमार ने उपनिरीक्षक योगेश नागर द्वारा व पुलिस टीम के साथ थाना टूण्ड़ला क्षेत्र से पिछले 10 वर्ष से लापता चल रहा एक व्यक्ति प्रकाश चन्द्र (39) पुत्र गयाप्रसाद निवासी माता वाला मौहल्ला कच्चा टूण्डला, को विभिन्न साक्ष्य संकलन एवं सुरागरसी-पतारसी एवं सोशल मीडिया के प्रचार प्रसार के पश्चात सूचना पर गुजरात प्रान्त से सकुशल खोजकर परिजनों के सुपुर्द किया है।
पुलिस के अनुसार प्रकाश चन्द्र 01 सितम्बर 2013 को अपने घर से अचानक बिना बताये कहीं चला गया था जिसके सम्बन्ध में थाना टूण्डला पर प्रकाश चन्द्र के बडे भाई पुष्पेन्द्र सिंह द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गयी थी, तभी से पुलिस की टीमें प्रकाश चन्द्र की तलाश में जुटी थी।
पूछताछ में प्रकाश चन्द्र ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से गुजरात में ही रहकर काम कर रहा था। दस वर्ष बाद अपने परिजनों से मिलकर प्रकाश चन्द्र के चेहरे पर मुस्कान आ गयी, साथ ही परिजनों द्वारा थाना टूण्डला पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।


