Dharamshala : हिमाचल की समृद्ध संस्कृति से रू-ब-रू होंगे पर्यटक: बाली

0
115

धर्मशाला : पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति से पर्यटकों को अवगत करवाया जाएगा इस के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन विभाग की ओर से मेगा इवेंट आयोजित किए जाएंगे ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। कांगड़ा तथा नगरोटा में जनसमस्याएं सुनने के उपरांत पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कारगर कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एशियन विकास बैंक की मदद से हिमाचल में पर्यटन विकास के लिए 2500 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे, प्रारंभिक तौर पर 1300 करोड़ की राशि स्वीकृत भी हो चुकी है। पर्यटन विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पर्यटन निगम के अधिकारियों को तीव्र गति के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए कईं महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पालमपुर के मैंझा में वैडिंग रिसॉर्ट, हेलीपोर्ट निर्माण, जिले में धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कन्वेंशन सेंटर, नगरोटा बगवां में ओल्ड एज वेलनेस रिजॉर्ट एवं हाई एंड फाउंटेन, परागपुर में गोल्फ कोर्स मैदान, धर्मशाला में धौलाधार बायोडायवर्सिटी पार्क, जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य जल्द शुरु किया जाएगा। इसके साथ ही नगरोटा में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर म्यूजिक फाउंटेन भी स्थापित किया जाएगा जो कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल में पर्यटन की अपार संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए साहसिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन अधोसंरचना को विकसित करने के दृढ़ प्रयास कर रही है और भविष्य में सालाना पांच करोड़ पर्यटकों के स्वागत का महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।