महाराज ने मसूरी स्थित सर जॉर्ज एवरेस्ट कॉर्टोग्राफी म्यूजियम का किया लोकार्पण
देहरादून/मसूरी : विश्व पर्यटन दिवस-2023 के उपलक्ष्य में राज्य में विभिन्न स्थानों पर पर्यटन विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किये गए। इसी के तहत पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सर जॉर्ज एवरेस्ट मसूरी में कॉर्टोग्राफी म्यूजियम का लोकार्पण करने के साथ-साथ जॉर्ज एवरेस्ट स्थित हेलीपैड को महान भारतीय पर्वतारोही राधानाथ सिकदर को समर्पित किया।
पर्यटन मंत्री महाराज ने कार्यक्रम के दौरान सर जॉर्ज एवरेस्ट और राधानाथ सिकदर के किये गये पर्वतारोहण और सर्वे के कार्यों की सरहाना करते हुए जॉर्ज एवरेस्ट कॉर्टोग्राफी म्यूजियम को भारत के सभी महान पर्वतारोहियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह म्यूजियम अपने आप में एक अनूठा म्यूजियम है, जिसमें सर जॉज एवरेस्ट ने कार्य किये। इसमें महान त्रिकोणमितीय चाप सर्वेक्षण और भारतीय पर्वतारोहियों की ओर से विभिन्न हिमालयी चोटियों के सर्वे को दर्शाया गया है। साथ ही सर्वे में प्रयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों की भी जानकारी म्यूजियम में दी गयी है।
पर्यटन मंत्री ने पर्यटन विभाग की ओर से किये जा रहे विभिन्न कार्यों जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के विभिन्न जनपदों में विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस – 2023 के अवसर पर केन्द्र सरकार सर्वोत्तम पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता के अन्तर्गत पिथौरागढ़ जनपद स्थित सरमोली गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटक गांव का पुरस्कार प्रदान किया है। इस प्रतियोगिता में सभी राज्यों से पर्यटक ग्रामों की सूचना और प्रस्तुतिकरण का आवेदन मांगा गया था। प्रस्तुतिकरण में पर्यटक ग्रामों में पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और पर्यटकों के लिए होम स्टे आदि सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। यह पुरस्कार राज्य द्वारा पर्यटन में सामुदायिक भागीदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
नगर पालिका परिषद मसूरी के अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि इस संग्रहालय में आने के लिए वालों का स्वागत करते हुए कहा कि इसकी अधिक से लोगों को जानकारी देने की आवश्यकता है।
जनपद अल्मोड़ा में पर्यटन से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में चित्रकला, निबंध, एमटीबी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करने के साथ ही पर्यटकों एवं क्षेत्रवासियों को पर्यटन में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जानकारी दी गयी। पिथौरागढ़ जिले में पर्यटकों के लिए पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलूनिंग शो के साथ ही रॉक क्लाइम्बिंग प्रतियोगिता, स्टार गेजिंग और राफ्टिंग का भी आयोजन किया गया। पिथौरागढ़ के लंदन फोर्ट में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया।
इस वर्ष चम्पावत जिले में राष्ट्रीय राफ्टिंग चैम्पियनशिप एवं एंगलिंग का तीन दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल की टीमें भी भाग ले रही हैं। जनपद उत्तरकाशी में ट्रैकिंग एवं माउंटेन बाइकिंग का आयोजन किया गया। इसके अलावा पर्यटन एवं हरित निवेश पर एक सेमिनार भी आयोजित किया गया। जनपद टिहरी में पौधरोपण, एमटीबी व ट्रैकिंग आदि कार्यक्रम आयोजित किये गये।
आयोजन में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता तथा युगल किशोर पंत, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद, होटल एवं होम स्टे एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।



