spot_img

Bhopal: प्रधानमंत्री के शहडोल आगमन से उत्साहित हैं प्रदेशवासीः मुख्यमंत्री शिवराज

भोपाल:(Bhopal) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार दोपहर मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। वे यहां शहडोल जिले के दो गांवों लालपुर और पकरिया में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने शनिवार को ट्वीट के माध्यम से कहा कि स्वस्थ, समृद्ध, सशक्त भारत के नवनिर्माण के लिए अविराम कार्यरत, जनजातीय गौरव की पुनर्स्थापना के लिए प्रतिबद्ध, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भगवान विराटेश्वर की कृपा से धन्य धरा शहडोल में आगमन से हम सभी मध्य प्रदेश वासी हर्षित और उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री के कर कमलों से राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के शुभारंभ और मध्य प्रदेश के करोड़ों नागरिकों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाय) कार्डों के वितरण से स्वस्थ भारत के संकल्पों की सिद्धि को एक नई शक्ति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शुभागमन के समाचार से प्रदेशभर के जनजातीय भाई-बहनों में उत्साह का वातावरण है। शहडोल की धरती से प्रधानमंत्री जनजातीय समुदाय के लिए विशेष सौगात देने वाले हैं। जनजातीय वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए प्रधानमंत्री जी की प्रतिबद्धता हमें प्रेरणा देती है।

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 3:00 बजे के बाद शहडोल के लालपुर हवाई पट्टी के पास आम सभा को संबोधित करेंगे और यहां से पकरिया गांव में जनजातीय वर्ग के बीच संवाद करने जाएंगे। शनिवार सुबह से ही लालपुर सभा स्थल एवं पकरिया में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। लालपुर से पकरिया तक चप्पे-चप्पे में सुरक्षा व्यवस्था लग गई है।

वहीं, पकरिया गांव का माहौल एकदम बदला हुआ है। आदिवासी महिलाओं एवं लोगों में उत्साह छाया हुआ है। रंग-बिरंगी वेशभूषा में आदिवासी समुदाय के लोग आयोजन स्थल में जाने को तैयार हैं।

शहडोल के ग्राम पकरिया में प्रधानमंत्री स्थानीय जनजातीय, संस्कृति एवं परंपराओं से अवगत होंगे। शहडोल के लिए आज का दिन ऐतिहासिक दिन होगा। ऐसा पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री देसी अंदाज में जनजातीय समुदाय के साथ बैठकर कोदो भात- कुटकी खीर और महुआ का मालपुआ ग्रहण करेंगे। पूरी व्यवस्था को भारतीय परंपरा एवं संस्कृति के अनुसार तैयार किया गया है। कार्यक्रम में दो विशेष जनजातीय समुदाय के कलाकारों को आमंत्रित किया है, जिसमें डिंडौरी जिले के पद्मश्री से सम्मानित कलाकार अर्जुन सिंह धुर्वे और उमरिया जिले की पद्मश्री से सम्मानित कलाकार जोधईया बाई शामिल हैं।

इधर, प्रधानमंत्री मोदी ने भी शुक्रवार देर शाम ट्वीट किया- देशभर के हमारे आदिवासी भाई-बहनों के घर-घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए हमारी सरकार कृतसंकल्प है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के शहडोल में दोपहर 3.30 बजे आदिवासियों के कल्याण से जुड़े एक महत्वपूर्ण मिशन का शुभारंभ करूंगा। इसके साथ ही वहां के पकरिया गांव जाने का भी सौभाग्य मिलेगा।

Explore our articles